रेलवे गुजरात में आधुनिक सेवाओं के विस्तार की दिशा में कदम उठाते हुए असारवा–उदयपुर सिटी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू कर रही है. यह गुजरात की छठी वंदे भारत ट्रेन होने वाली है, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ यात्री सुविधा, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी.
भारतीय रेल लगातार अपग्रेडेड स्टेशनों, नई लाइनों और लेटेस्ट सुविधाओं के जरिए बेहतर कनेक्टिविटी दे रही है.
असारवा–उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस इसी का एक उदाहरण है.
यह अत्याधुनिक ट्रेन रिक्लाइनिंग, आरामदायक सीटों, स्लाइडिंग दरवाजों, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, बायो-टॉयलेट, स्वचालित प्रवेश और निकास द्वार के साथ सीसीटीवी कैमरों जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है. यह ट्रेन यात्रियों को फास्ट, सेफ और सुपर कम्फर्टेबल सफर का एक्सपीरियंस देगी.
ट्रेन संख्या 09663 उदयपुर सिटी–असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस 16 फरवरी 2026 को उदयपुर सिटी से 12:25 बजे प्रस्थान करेगी, और शाम 5:15 पर असारवा पहुंचेगी. मार्ग में यह ट्रेन जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर स्टेशनों पर रुकेगी.
हफ्ते में 6 दिन मिलेगी सेवा
ट्रेन संख्या 26964 असारवा–उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस 18 फरवरी 2026 से हर दिन (मंगलवार को छोड़कर) असारवा से शाम 5:45 पर प्रस्थान करेगी और 10.00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी.
इसी तरह ट्रेन संख्या 26963 उदयपुर सिटी–असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस 18 फरवरी 2026 से प्रतिदिन (मंगलवार को छोड़कर) उदयपुर सिटी से 06:10 बजे प्रस्थान करेगी तथा 10:25 बजे असारवा पहुंचेगी.
मार्ग में दोनों दिशाओं में यह ट्रेन हिम्मतनगर, डूंगरपुर और जावर स्टेशनों पर रुकेगी. इस ट्रेन में एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव चेयर कार सहित कुल 8 कोच रहेंगे.
ट्रेन संख्या 26964 की बुकिंग 15 फरवरी 2026 से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगी. ट्रेन के ठहराव, टाइमिंग और संरचना की डिटेल के लिए यात्री www.enquiry.indianrail.gov.in पर चेक कर सकते हैं.