गुजरात के मेहसाणा जिले के कडी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 20 वर्षीय युवक सनी की अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई. घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस ने इस मामले में प्रेमिका के पति और जेठ को गिरफ्तार किया है. जबकि एक आरोपी अभी फरार है.
जानकारी के अनुसार, मृतक सनी का अपने चाचा की साली प्रिया से प्रेम संबंध था. प्रिया की शादी रमेश नाम के व्यक्ति से हुई थी. जब इस संबंध की जानकारी प्रिया के पति रमेश और उसके परिवार को लगी तो दोनों परिवारों के बीच तनाव और विवाद बढ़ गया. बताया गया कि सनी अक्सर प्रिया के परिवार से फोन पर बात करता था, जिससे विवाद और गहरा हो गया.
पुलिस जांच में सामने आया कि 1 अप्रैल को रमेश, उसका भाई जयंती और भतीजा सुनील ने मिलकर सनी की हत्या की साजिश रची. इस दौरान रमेश ने अपनी पत्नी प्रिया को धमकी दी कि अगर वह सनी को थोल तालाब पर नहीं बुलाएगी तो उसे घर से निकाल देगा और मारपीट करेगा. डर के कारण प्रिया ने सनी को फोन और वीडियो कॉल करके मिलने के लिए बुलाया.
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, परिवारों में बढ़ा विवाद
दोपहर करीब डेढ़ से 2 बजे के बीच सनी थोल तालाब पहुंचा. वहां पहले प्रिया उससे मिली और दोनों बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान एक पिकअप ट्रक में रमेश, जयंती और सुनील वहां पहुंचे और उन्होंने सनी को सबके सामने पकड़ लिया और जबरदस्ती पिकअप में डाल दिया.
इसके बाद आरोपियों ने सनी को ट्रक में ही लकड़ी के डंडों से पीटना शुरू कर दिया. रमेश ट्रक को एक सुनसान खेत में ले गया, जहां तीनों ने सनी को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा. गंभीर चोटों के कारण सनी की मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की. उन्होंने शव को वाहन में डालकर सुरेंद्रनगर जिले के लखतर तालुका के ज्योतिपुरा गांव के पास से गुजरने वाली सौराष्ट्र नर्मदा नहर में फेंक दिया. इतना ही नहीं, जिस पिकअप वाहन में सनी का अपहरण और हत्या की गई थी, उसे भी परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर धोकर साफ कर दिया गया ताकि कोई सबूत न बचे.
पिकअप ट्रक में अगवा कर बेरहमी से की गई पिटाई
पुलिस ने जांच के बाद रमेश और जयंती को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं तीसरा आरोपी सुनील अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है. इस घटना ने प्रेम संबंधों के विवाद और उसके खतरनाक अंजाम को एक बार फिर सामने ला दिया है.