scorecardresearch
 

गुजरात में 4 मॉनसून सिस्टम एक्टिव, अगले 24 घंटे इन इलाकों पर भारी

गुजरात में एक साथ चार मॉनसून सिस्टम सक्रिय होने से कई जिलों में भारी बारिश हुई है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए कई इलाकों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.

Advertisement
X
गुजरात में भारी बारिश(File Photo- PTI)
गुजरात में भारी बारिश(File Photo- PTI)

गुजरात में एक साथ 4 मॉनसून सिस्टम एक्टिव होते ही भारी आफत आ गई है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए कई इलाकों में भारी बारिश का बड़ा अलर्ट जारी किया है. दरअसल, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के 28 जिलों के 195 तालुकाओं में जमकर बादल बरसे हैं. सबसे ज्यादा खराब हालात दक्षिण गुजरात के हैं, जहां सूरत-नवसारी जैसे शहरों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश देखी गई. हालांकि राहत की बात यह है कि अगले 24 घंटे बीतने के बाद राज्य में बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ने की उम्मीद है.

अहमदाबाद मौसम विभाग के वैज्ञानिक प्रदीप शर्मा ने बताया कि राज्य में वेलमार्क लो प्रेशर एरिया, ऑफशोर ट्रफ, सीजनल ट्रफ समेत चार मॉनसून सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं. इसी वजह से दक्षिण गुजरात में तेज बारिश हुई. उन्होंने कहा कि अगले 12 घंटे में वेलमार्क लो प्रेशर कमजोर पड़ने लगेगा. इसका असर यह होगा कि अगले दो दिनों में बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी.

Gujarat rain update
मौसम विभाग के वैज्ञानिक प्रदीप शर्मा (Photo: ITG)

इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने दक्षिण गुजरात के नवसारी, डांग, वलसाड, दमन तथा दादरा और नगर हवेली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं सूरत, नर्मदा, तापी, छोटाउदेपुर, दाहोद, अमरेली और भावनगर में येलो अलर्ट लागू है. 9 जुलाई को भी दक्षिण गुजरात के कुछ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट रहेगा.

कई इलाकों में हुई रिकॉर्ड बारिश

Advertisement

बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश सूरत जिले के पलसाना में 18 इंच दर्ज की गई. इसके अलावा कामरेज में 17 इंच, सूरत शहर में 14 इंच, नवसारी तालुका में 15 इंच पानी बरसा है. वलसाड, डांग समेत तापी के कई इलाकों में भी 6 से 13 इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई. लगातार हो रही इस आफत को देखते हुए सूरत और नवसारी के स्कूल, कॉलेजों में छुट्टी घोषित की गई है. राहत की बात यह है कि मंगलवार रात के बाद से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की रफ्तार कुछ धीमी हुई है.

स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के आंकड़ों पर नजर डालें, तो 8 जुलाई सुबह 6 बजे तक गुजरात में इस मॉनसून सीजन की 222.10 मिमी बारिश हो चुकी है. देखा जाए तो यह पूरे सीजन की औसत बारिश का करीब 24.44 प्रतिशत है. राहत की बात यह है कि इस अच्छी बारिश से सरदार सरोवर बांध भी अपनी कुल क्षमता का 65.27 प्रतिशत तक भर चुका है. इसके साथ ही राज्य के 206 जलाशयों में जलस्तर काफी तेजी से बढ़ा है, जिनमें से 11 हाई अलर्ट, 4 अलर्ट और10 जलाशयों को वार्निंग मोड पर रखा गया है.

वहीं, मौसम विभाग ने 11 जुलाई तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. दूसरी तरफ प्रशासन ने हालात से निपटने के लिए राज्य के अलग-अलग जिलों में 12 एनडीआरएफ और 27 एसडीआरएफ टीमों को तैनात किया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement