तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बवाल खड़ा हो गया. डीएमके नेता और तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन को विवादित 'तृषा' टिप्पणी मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया. लेकिन गिरफ्तारी से ठीक पहले उनके चेन्नई स्थित घर के अंदर का एक वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है.
वीडियो में उदयनिधि स्टालिन की पत्नी किरुथिगा उदयनिधि पुलिस अधिकारियों से कहती हुई सुनाई देती हैं- वो टॉयलेट में हैं... कृपया थोड़ा समय दीजिए. इसके बाद घर के अंदर पुलिस, नेताओं और परिवार के बीच हुई बातचीत भी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
क्या है वायरल वीडियो में?
वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस अधिकारी उदयनिधि स्टालिन से मिलने और उन्हें हिरासत में लेने के लिए उनके घर के अंदर इंतजार कर रहे हैं. इस दौरान एक पुलिस अधिकारी कहता है- हम काफी देर से इंतजार कर रहे हैं. मैं यहां कोई गैरकानूनी काम नहीं कर रहा हूं. हम सिर्फ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं.
इस पर फिल्ममेकर और लेखिका किरुथिगा उदयनिधि जवाब देती हैं- वो अभी तैयार हो रहे हैं. वो टॉयलेट में हैं... कृपया थोड़ा समय दीजिए. इस दौरान तमिलनाडु के मंत्री मा. सुब्रमण्यम भी वहां मौजूद थे. उन्होंने भी पुलिस अधिकारियों से कुछ देर और इंतजार करने की अपील की. उन्होंने कहा कि उदयनिधि को तंजावुर ले जाया जाना है, जहां तक पहुंचने में करीब 8 घंटे लगेंगे. ऐसे में उन्हें अपनी सुबह की दिनचर्या पूरी करने के लिए थोड़ा समय दिया जाना चाहिए.
लेकिन पुलिस अधिकारी ने साफ कहा- क्या मैं कानून का उल्लंघन कर रहा हूं? हम अपनी ड्यूटी कर रहे हैं. इस पूरी बातचीत का वीडियो अब जमकर वायरल हो रहा है.
'10 मिनट... 10 मिनट' की बहस
वीडियो में आगे पुलिस अधिकारी कहते हैं- हम और ज्यादा इंतजार नहीं कर सकते. आखिर कब तक इंतजार करें? बार-बार 10 मिनट, 10 मिनट कहा जा रहा है. हम अपना काम कर रहे हैं. अगर आप बता दें कि हम कानून तोड़ रहे हैं, तो मैं मान लूंगा. लेकिन जब ऐसा नहीं है, तो हमें अपना काम करने दीजिए.
इसके जवाब में मा. सुब्रमण्यम फिर कहते हैं- उन्हें बाथरूम से बाहर आने दीजिए. बस 10 मिनट और इंतजार कर लीजिए. तब तक एडवोकेट सरवनन भी आ जाएंगे.
यहां देखें वीडियो...
आखिर मामला क्या है?
पूरा विवाद 3 अगस्त को तमिलनाडु के तंजावुर में डीएमके के एक प्रदर्शन के दौरान शुरू हुआ था. यह प्रदर्शन कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित किया गया था. भाषण के दौरान भीड़ बार-बार एक्ट्रेस तृषा का नाम लेने लगी. इसी बीच उदयनिधि स्टालिन ने एक डबल मीनिंग कमेंट किया.
इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद छिड़ गया और कई शिकायतें दर्ज कराई गईं. तमिलनाडु पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. इनमें शामिल हैं- महिला की मर्यादा का अपमान करने से जुड़ी धारा,जानबूझकर अपमान कर शांति भंग करने की मंशा, आपराधिक धमकी और आपराधिक साजिश.
इसके अलावा- तमिलनाडु प्रोहिबिशन ऑफ हरासमेंट ऑफ वूमेन एक्ट, 2002 की धारा 4. आईटी एक्ट की धारा 67, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से कथित अश्लील सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है.
राजनीतिक लड़ाई भी हुई तेज
इस मामले ने तमिलनाडु की राजनीति को और गरमा दिया है. सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK), जिसकी अगुवाई मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय कर रहे हैं, ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) से उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
वहीं बीजेपी और टीवीके ने आरोप लगाया है कि उदयनिधि ने महिलाओं का अपमान किया है. दूसरी ओर डीएमके का कहना है कि यह पूरा विवाद राजनीतिक रूप से प्रेरित है. पार्टी का आरोप है कि कावेरी जल विवाद जैसे अहम मुद्दे से लोगों का ध्यान हटाने और विधानसभा सत्र से पहले विपक्ष को निशाना बनाने के लिए इस मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है.