दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार को हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे का वीडियो सामने आया है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पांच मंजिला इमारत कुछ ही सेकंड में भरभराकर जमीन पर गिर जाती है और पूरा इलाका धूल के गुबार से भर जाता है. हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली.
इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहत एवं बचाव दल ने मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए अभियान शुरू किया.
जेपीएनएटीसी (जेपी नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर) के अनुसार, बिल्डिंग गिरने की घटना में घायल हुए 10 लोगों को अस्पताल लाया गया था. इनमें से कई लोगों का इलाज जारी है. हादसे के बाद पुलिस, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य संभाला.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास 5 मंजिला इमारत गिरी, 10 लोग निकाले गए
इस बीच बिल्डिंग गिरने की घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है. आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस मामले में बड़ा आरोप लगाया है.
सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि साकेत में ढही यह इमारत पहले से ही खतरनाक तरीके से झुकी हुई थी. उनके मुताबिक, आसपास के निवासियों ने कथित अवैध निर्माण को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित MCD ने अदालत में यह जानकारी दी थी कि वहां कोई निर्माण कार्य नहीं चल रहा है.
देखें वीडियो...
सौरभ भारद्वाज ने अपनी पोस्ट में लिखा कि एक महीने बाद वही इमारत ढह गई और कई लोगों की जान चली गई. उन्होंने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए पूरे मामले की जवाबदेही तय करने की मांग की.
हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इमारत के ढहने के पीछे निर्माण संबंधी खामियां, संरचनात्मक कमजोरी या अन्य कोई वजह जिम्मेदार थी. फिलहाल, हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है
बिल्डिंग मालिक के खिलाफ FIR दर्ज
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिल्डिंग मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. अधिकारियों के मुताबिक, हादसे की परिस्थितियों और निर्माण से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है. वहीं आरोपी बिल्डिंग मालिक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.