तेलंगाना के हैदराबाद में रेलवे ट्रैक के पास ईयरफोन लगाकर चल रहे एक शख्स की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसा बोल्लारम इलाके के पास हुआ. दरअसल, युवक रेलवे ट्रैक के किनारे चल रहा था, तभी ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह उछलकर कुछ दूरी पर जा गिरा. उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घटना का CCTV फुटेज सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, शख्स ने ईयरफोन लगा रखे थे. वह सामने से आ रही ट्रेन को समय रहते नहीं देख पाया. लोको पायलट ने उसे सावधान करने के लिए कई बार हॉर्न बजाया, लेकिन वह ट्रैक से नहीं हटा.
लोको पायलट ने बार-बार बजाया हॉर्न
जानकारी के मुताबिक, लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक पर चलते शख्स को देखा तो उसे चेतावनी देने के लिए बार-बार हॉर्न बजाया. इसके बावजूद शख्स ट्रेन की चपेट में आ गया. पुलिस के मुताबिक, शख्स ने ईयरफोन लगा रखे थे. आशंका है कि इसी वजह से वह हॉर्न की आवाज नहीं सुन पाया. ट्रेन की टक्कर से वह कुछ दूरी पर जा गिरा और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
CCTV फुटेज में कैद हुई घटना
हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है. इसमें ट्रेन की टक्कर से जुड़े घटनाक्रम को देखा जा सकता है. हालांकि, अभी मृतक के बारे में कोई जानकारी नहीं सामने आई है. हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने इस घटना के बाद लोगों को रेलवे ट्रैक के पास ईयरफोन इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी है. उन्होंने लोगों से अपने आसपास की गतिविधियों पर ध्यान देने और सतर्क रहने की अपील की.
रेलवे ट्रैक के आसपास चलते समय ईयरफोन लगाने से हॉर्न या दूसरी चेतावनियां सुनाई नहीं दे सकतीं. ऐसे में थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक के पास चलते समय अपने आसपास ध्यान रखें और किसी भी खतरे को नजरअंदाज न करें.