साउथ दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास एक बड़ा हादसा हो गया. यहां महरौली थाना इलाके के सैदुलाजाब में एक पांच मंजिला बिल्डिंग अचानक गिर गई. इस हादसे के बाद मलबे के नीचे कई लोगों के फंसे होने की आशंका है. घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई. फायर डिपार्टमेंट की गाड़ियां राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंच चुकी हैं. रेस्क्यू टीम ने अब तक मलबे से कम से कम 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है.
दिल्ली फायर सर्विसेज को शनिवार शाम करीब 7:44 बजे घटना की पहली कॉल मिली थी. इसके बाद रात करीब 8:30 बजे फायर स्टेशन ऑफिसर (STO) मुकुल भारद्वाज ने अपडेट दिया कि कई मंजिलों वाली पूरी इमारत भरभराकर गिर गई है. रात का समय होने के कारण मलबे को हटाने के लिए तुरंत एक वाटर टेंडर (WT) के साथ रोशनी के लिए लाइट वैन भेजी गई. फिलहाल डिवीजनल ऑफिसर (DO) रविंदर सिंह, एडीओ संतोष कुमार और एसटीओ फूल सिंह मीणा की देखरेख में रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक कोचिंग इंस्टीट्यूट चल रहा था. ऊपरी मंजिलों पर कंस्ट्रक्शन का काम जारी था, यानी बिल्डिंग अभी पूरी तरह बनकर तैयार नहीं हुई थी. आशंका है कि हादसे के वक्त कोचिंग में कुछ छात्र मौजूद थे. साथ ही ऊपर कुछ मजदूर भी काम कर रहे थे. हालांकि, फंसे हुए लोगों की सही संख्या को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
चश्मदीदों के मुताबिक, यह मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग कुछ ही पलों में जमींदोज हो गई. वहां कंक्रीट और लोहे के सरियों का विशाल ढेर लग गया. सैदुलाजाब की संकरी गलियों और घनी आबादी की वजह से राहत काम में काफी मुश्किलें आ रही हैं. हादसे के बाद स्थानीय लोग अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट और टॉर्च जलाकर दमकल टीम की मदद कर रहे हैं. संकरे रास्तों में बचाव वाहनों को जगह देने के लिए लगातार भीड़ को हटाया जा रहा है.
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों की निगरानी शुरू कर दी है. घटनास्थल के पास लोगों से अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की जा रही है ताकि रेस्क्यू टीम बिना रुकावट के काम कर सके. अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरे मलबे को हटाकर अच्छे से जांच नहीं कर ली जाती, तब तक कुछ भी साफ नहीं कहा जा सकता. फिलहाल पूरी टीम मलबे के कोने-कोने को खंगालने में जुटी है.