दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है. अप्रैल महीने के लगभग हर दिन सुबह और शाम को बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल रही है. दिल्ली-एनसीआर में आज यानी 4 अप्रैल को भी सुबह की शुरुआत बरसात की बूंदों के साथ हुई. बीते दिन यानी कल शाम भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिली थी.
बता दें कि फरवरी में गर्मी बढ़ने के बाद मार्च और अप्रैल के महीने में बारिश का दौर मॉनसून का एहसास दिला रहा है. आए दिन हो रही बारिश से चैत्र के महीने में आषाढ़ महीने जैसा मौसम हो रहा है. हालांकि, ये बारिश किसानों के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो रही है.
मौसम विभाग के मुताबिक, आज (मंगलवार), 4 अप्रैल को पूरी दिल्ली, एनसीआर और गन्नौर, रोहतक, भिवानी (हरियाणा) बड़ौत, शिकारपुर, खुर्जा (यूपी) एवं आस-पास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश और आंधी की संभावना है. इसके अलावा किठौर, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, सियाना, शिकोहाबाद, बुलंदशहर, अनूपशहर, नरौरा, जट्टरी, अलीगढ़, कासगंज, रोहतक, खुर्जा में भी अगले कुछ घंटों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली के मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, देश की राजधानी नई दिल्ली में आज (मंगलवार), 4 अप्रैल को पूरे दिन हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं, अगर तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. 05 अप्रैल को दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की उम्मीद है. वहीं, 06 अप्रैल से दिल्ली में आसमान साफ रह सकता है.
दिल्ली में बारिश से कई जगह जलभराव
| Waterlogging witnessed in several parts of Delhi after the rainfall. Visuals from Barapullah flyover.
— ANI (@ANI)
रोहतक में भी सुबह से हो रही झमाझम बारिश
बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं और सरसों की फसलों को काफी नुकसान हो रहा है. उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा में लगातार हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. रोहतक में तड़के चार बजे से बारिश हो रही है. बता दें कि मौसम विभाग (IMD) ने हरियाणा के कई जिलों में बारिश की होने की संभावना जताई हुई थी.
रोहतक में रात का न्यूनतम तामपान घटकर 12 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है. जिससे अप्रैल माह ने लोगों को जनवरी की ठंड की याद दिला दी है.
देश के अन्य इलाकों के मौसम का हाल
मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी, स्काईमेट के मुताबिक, आज पश्चिमी हिमालय पर हल्की से मध्यम बारिश संभव है. ये मौसम दो दिन तक बने रहने की संभावना है. पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों और उत्तर राजस्थान, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 या 2 स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
वहीं, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. जबकि शेष पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, केरल और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश संभव है.