scorecardresearch
 

दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा कदम, 300 पुलिस चौकियों से सबवे-फ्लाईओवर होंगे सुरक्षित

दिल्ली में महिलाओं और पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पीडब्लूडी विभाग ने बड़ा प्लान तैयार किया है. इसके तहत सबवे, फ्लाईओवर और फुट ओवरब्रिज पर 300 पुलिस चौकियां बनाई जाएंगी. इससे असुरक्षित इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी, गश्त तेज होगी और चोरी-तोड़फोड़ पर रोक लगेगी.

Advertisement
X
प्रवेश वर्मा के मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है (File Photo: X/@DelhiGovt)
प्रवेश वर्मा के मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है (File Photo: X/@DelhiGovt)

दिल्ली में महिलाओं और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सरकार ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है. लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री परवेश साहिब वर्मा के नेतृत्व में राजधानी के सबवे, फ्लाईओवर और फुट ओवरब्रिज (FOB) को सुरक्षित बनाने के लिए करीब 300 नई पुलिस चौकियां बनाने जा रहा है.

यह चौकियां खासतौर पर उन जगहों पर स्थापित की जाएंगी, जिन्हें लंबे समय से असुरक्षित माना जाता रहा है. जैसे सबवे, फ्लाईओवर के नीचे के इलाके और फुट ओवरब्रिज के आसपास के क्षेत्र. मंत्री वर्मा के अनुसार, PWD इन चौकियों का निर्माण करेगा और बाद में इन्हें दिल्ली पुलिस को सौंप दिया जाएगा, ताकि इन स्थानों पर नियमित पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित हो सके.

इस योजना पर करीब 8 से 10 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसका पूरा खर्च PWD विभाग उठाएगा. सरकार का मानना है कि इससे खासकर महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा और आम लोगों का भरोसा भी बढ़ेगा.

पहले चरण में शहर के व्यस्त और संवेदनशील इलाकों को चुना गया है, जिनमें AIIMS फ्लाईओवर, ढौला कुआं, ITO, रिंग रोड और लाजपत नगर शामिल हैं. इसके अलावा भैरों मार्ग, लाला लाजपत राय मार्ग और आंद्र्यूज गंज के आसपास के अंडरपास भी इस योजना का हिस्सा होंगे.

Advertisement

दरअसल, कई सर्वे में सामने आया है कि 30 प्रतिशत से ज्यादा लोग सुरक्षा कारणों से सबवे का इस्तेमाल करने से बचते हैं. इसकी मुख्य वजह खराब रोशनी, सुनसान माहौल, अतिक्रमण, गंदगी और अवैध पार्किंग जैसी समस्याएं हैं. शाम के समय ये स्थान खासतौर पर महिलाओं के लिए असुरक्षित महसूस होते हैं.

सरकार का कहना है कि नई पुलिस चौकियों से न सिर्फ सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि चोरी और सार्वजनिक संपत्तियों की तोड़फोड़ पर भी लगाम लगेगी. इन इलाकों में बीट कांस्टेबलों की तैनाती बढ़ेगी, गश्त तेज होगी और ट्रैफिक नियमों का पालन भी बेहतर तरीके से कराया जा सकेगा. अधिकारियों को उम्मीद है कि इन कदमों से लोग दोबारा सबवे और फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने लगेंगे, जिससे शहर में पैदल चलना पहले से ज्यादा सुरक्षित और आसान हो जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement