दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के 20 नियमित ड्राइवरों को निलंबित करने का आदेश दिया है. गोपाल राय डीटीसी के राजघाट डिपो पर औचक निरीक्षण के लिए गए थे जहां ये 20 ड्राइवर अनुपस्थित पाए गए.
इस निरीक्षण के दौरान ने 57 बसें खड़ी देखीं. जिन 20 ड्राइवरों को निलंबित किया गया, वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे. ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे बीस ड्राइवरों ने गायब रहने की कोई वजह नहीं बताई थी, न ही इस बारे में कोई आधिकारिक सूचना ही दी थी. राजघाट डिपो से 170 बसें संचालित होती हैं. ड्राइवरों के न पहुंचने से कई बसें डिपो पर ही खड़ी रह जाती हैं. गोपाल राय जब डिपो पहुंचे तो उन्होंने पाया कि सिर्फ 100 बसें ही ड्यूटी पर निकली थीं. 57 बसें डिपो पर ही खड़ी थीं. इनकी वजह थी ड्राइवरों की कमी.
राय ने कहा, सरकार लोगों तक बिना किसी रुकावट के पहुंचाना चाहती है. इसमें किसी किस्म की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए सरकार और भी कई कदम उठाने जा रही है. परिवहन मंत्री ने कहा, डीटीसी के पास कुल 4705 बसें हैं जिनमें औसतन 600 से 900 बसें सड़क से दूर ही रहती हैं. खासकर शाम के समय बसों का परिचालन और कम हो जाता है. डीटीसी के पास कुल 12,226 ड्राइवर हैं जिनमें से 8039 नियमित हैं और 4187 ठेके पर हैं. गोपाल राय ने कहा कि अनुपस्थित रहने वाले ड्राइवरों पर सरकार सख्त कार्रवाई करेगी.
परिवहन मंत्री ने कहा कि ये कैंपेन डीटीसी में सुधार करने के लिए शुरू किया है, डीटीसी से हमने मीटिंग की थी, ये अभियान पूरी दिल्ली में चलेगा. रोजाना 600 से 900 बस नहीं चल पाती और उन्हें भी सोचना होगा कि अगर नौकरी करनी है तो बिना बताए कोई छुट्टी पर न जाए.