दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के ऐलान के बीच राजधानी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दिल्ली में दाखिल होने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है. यूपी, हरियाणा और गुरुग्राम से आने वाली गाड़ियों की जांच हो रही है. जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस की तरफ जाने वाले रास्तों पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है. रेलवे स्टेशन से लेकर मेट्रो स्टेशन तक सुरक्षा इंतजामों का असर दिखाई दे रहा है. प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच रहे कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. वहीं, आम यात्रियों को भी आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई सिर्फ प्रदर्शन स्थल तक सीमित नहीं है. राजधानी में एंट्री करने वाले कई रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई है. कहीं बसों को रोककर जांच की जा रही है, तो कहीं निजी वाहनों को एक-एक करके आगे जाने दिया जा रहा है. मध्य दिल्ली में जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है. कुछ जगहों पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ है, जबकि गुरुग्राम के सरहौल टोल जैसे इलाकों में आवाजाही सामान्य है.

दिल्ली में दाखिल होने वाले रास्तों पर सख्त चेकिंग
दक्षिण दिल्ली में फरीदाबाद की तरफ से आने वाले वाहनों की मथुरा रोड पर मोहन कोऑपरेटिव के पास सघन जांच की जा रही है. यहां मुख्य सड़क पर बैरिकेड लगाए गए हैं. वाहनों को रोककर तलाशी लेने के बाद सर्विस रोड से आगे जाने की परमिशन दी जा रही है. इस व्यवस्था के चलते मथुरा रोड पर यातायात प्रभावित हुआ है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर पर CJP के प्रदर्शन की अनुमति देने से किया इनकार, सुरक्षा बढ़ाई गई
बदरपुर बॉर्डर पर भी पुलिस तैनात है. यहां चेतावनी नोटिस के जरिए लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी BNSS की धारा 163 लागू होने की जानकारी दी गई है. पुलिस संदिग्ध वाहनों को रोककर चेकिंग कर रही है, हालांकि, फरीदाबाद से दिल्ली आने वाला ट्रैफिक नॉर्मल बताया जा रहा है.

दिल्ली के दक्षिणी छोर पर आया नगर बॉर्डर पर भी दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. यहां गुरुग्राम से दिल्ली आने वाले वाहनों की जांच हो रही है. दूसरी ओर, सरहौल टोल पर हालात सामान्य हैं. वहां वाहनों की आवाजाही जारी है.
गाजीपुर, यूपी गेट और लोनी बॉर्डर पर क्या हाल है?
पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बढ़ा दी है. उत्तर प्रदेश से दिल्ली आने वाली बसों और दूसरे वाहनों को रोककर जांच की जा रही है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के जवान भी इस अभियान में शामिल हैं. पुलिस अधिकारी मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं.

गाजियाबाद की तरफ यूपी गेट-गाजीपुर बॉर्डर पर भी पुलिस अलर्ट पर है. यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. गाड़ियों को रोककर जांच की जा रही है, इसके बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है.
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोनी गोल चक्कर बॉर्डर पर भी उत्तर प्रदेश से आने वाली बसों और दूसरे वाहनों की जांच की जा रही है. पुलिस का जोर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ट्रैफिक को सुचारु रखने पर है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर पर CJP के प्रदर्शन की अनुमति देने से किया इनकार, सुरक्षा बढ़ाई गई
नोएडा की तरफ चिल्ला बॉर्डर पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है. यहां ट्रैफिक चल रहा है, लेकिन बैरिकेडिंग और पुलिस की तैनाती की गई है. यानी दिल्ली में दाखिल होने वाले रास्ते पूरी तरह बंद होने के बजाय कई जगह सख्त जांच के बीच खुले रखे गए हैं.

सिंघु, कुंडली और टिकरी बॉर्डर पर भी पुलिस तैनात
दिल्ली के उत्तरी हिस्से में सिंघु बॉर्डर पर रात से चेकिंग हो रही है. बसों की भी जांच की जा रही है. टिकरी बॉर्डर पर भी भारी पुलिस फोर्स तैनात है. यहां वाहनों की जांच के बाद दिल्ली में एंट्री दी जा रही है, जबकि ट्रैफिक सामान्य है.
सोनीपत के कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर सुरक्षा इंतजाम और सख्त किए गए हैं. यहां वाटर कैनन, आंसू गैस के उपकरण, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात हैं. दिल्ली जाने वाले वाहनों की जांच के बाद उन्हें आगे जाने दिया जा रहा है.

इसी बीच, भारतीय किसान यूनियन टिकैत से जुड़े कुछ किसानों को सोनीपत में हिरासत में लिया गया. किसान नेता वीरेंद्र पहल CJP के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली की तरफ जा रहे थे. गन्नौर थाना पुलिस ने उन्हें नेशनल हाईवे-44 से हिरासत में लिया और राय थाने ले गई. सोनीपत रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया.
जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस के आसपास पुलिस का पहरा
दिल्ली के मध्य हिस्से में सुरक्षा के इंतजाम और कड़े हैं. आईटीओ से मध्य दिल्ली की तरफ जाने वाले रास्तों पर वाहनों की जांच की जा रही है. सरकारी कर्मचारियों को आइडेंटिटी कार्ड दिखाने के बाद आगे जाने की परमिशन दी गई. कई स्तर की बैरिकेडिंग के चलते आईटीओ के आसपास ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी.

मंडी हाउस से जंतर-मंतर की तरफ जाने वाले रास्तों पर पुलिस है. फिरोजशाह रोड और बाराखंभा रोड सहित प्रदर्शन स्थल की ओर जाने वाले कई रास्तों पर चेकिंग है. केवल वैध कारण और आइडेंटिटी कार्ड दिखाने वाले लोगों को आगे जाने दिया जा रहा है.
कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और जंतर-मंतर के आसपास प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ा है. कनॉट प्लेस में पुलिसकर्मियों द्वारा प्रदर्शनकारियों का पीछा करने और कुछ लोगों को पकड़ने की तस्वीरें भी सामने आईं. होटल ली मेरिडियन के आसपास RAF, CRPF, दिल्ली पुलिस की पिंक फोर्स और अन्य पुलिसकर्मी तैनात हैं. कुछ जगहों पर ड्रोन से निगरानी की जा रही है.

दिल्ली पुलिस के जवान बॉडी कैमरे लगाए हुए भी नजर आए. पुलिसकर्मियों के मुताबिक, इन कैमरों से कार्रवाई रिकॉर्ड होती है, जिससे किसी विवाद या दुर्व्यवहार के आरोप की स्थिति में घटनाक्रम की जांच में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: जंतर मंतर पर भीड़ को लेकर पुलिस ने सौरभ दास को किया था आगाह, CJP प्रोटेस्ट का नया VIDEO आया सामने
प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की तरफ जा रहे कई युवाओं को हिरासत में लिए जाने की खबर है. कुछ लोगों को निजी बसों से दूसरी जगह ले जाया गया. पुलिस ने इससे पहले भी प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका वाले कुछ लोगों को बुलाकर काउंसलिंग की थी. उन्हें कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर कार्रवाई के बारे में समझाया गया. हालांकि, हिरासत में लिए गए सभी लोगों की संख्या, उनकी पहचान और उन्हें किस कानूनी आधार पर रोका गया, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है.
मेट्रो और रेलवे यात्रियों को भी परेशानी
CJP प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों को शनिवार रात 9 बजे से बंद रखने के आदेश हैं. कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों ने स्टेशन बंद करने के फैसले पर नाराजगी जताई. उनका कहना था कि प्रदर्शन के कारण सार्वजनिक परिवहन बंद होने से काम पर जाने वाले लोगों और रोजाना सफर करने वालों को परेशानी होती है. यात्रियों के मुताबिक, मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं होने पर सड़क से सफर करना पड़ता है. इससे जाम में फंसने और कैब, ऑटो या रिक्शा के लिए ज्यादा किराया चुकाना पड़ रहा है.

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कुछ छोटी दूरी की ट्रेनें रद्द की गईं. एक यात्री ने बताया कि वह दुबई से आने के बाद बिहार जाने के लिए निकला था, लेकिन उसे कई बार कैब बदलनी पड़ी. प्रदर्शन में शामिल होने आए एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि उसके दोस्त को पुलिस हिरासत में लेकर चली गई.
फिलहाल कहां सामान्य, कहां प्रभावित है आवाजाही?
दिल्ली के कई बॉर्डर पर सघन जांच और बैरिकेडिंग के बावजूद वाहन चल रहे हैं. बदरपुर, टिकरी और चिल्ला बॉर्डर से सामान्य आवाजाही जारी रहने की जानकारी है, जबकि मोहन कोऑपरेटिव, आईटीओ और मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में चेकिंग और बैरिकेडिंग के चलते ट्रैफिक प्रभावित हुआ. सरहौल टोल पर फिलहाल हालात सामान्य बताए गए हैं.
CJP प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली और NCR में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है. पुलिस बॉर्डर पर वाहनों की जांच कर रही है, प्रदर्शन स्थल के आसपास आवाजाही कंट्रोल की जा रही है और कई जगह अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात हैं. इस व्यवस्था का असर उन लोगों पर भी पड़ रहा है, जिन्हें काम, पढ़ाई या दूसरी वजहों से रोजाना दिल्ली आना-जाना होता है.
किस मांग को लेकर सीजेपी ने किया प्रोटेस्ट का ऐलान
दरअसल, CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया था. पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी. इसके बावजूद प्रदर्शन से जुड़े लोगों ने जंतर-मंतर पहुंचने की तैयारी की. पुलिस की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. दिल्ली में बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया और दिल्ली में एंट्री करने वाले वाहनों की भी जांच शुरू की गई.