रायपुर के तिल्दा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता की उनके ही बेटे ने बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक की पहचान संतु कोठरी के रूप में हुई है, जो रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी थे. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
जानकारी के अनुसार संतु कोठरी शराब पीने के आदी थे और अक्सर घर में लोगों को बुलाकर शराब पार्टी करते थे. इसी आदत से उनका बेटा बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू काफी परेशान रहता था. पिता और बेटे के बीच इस बात को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था.
घटना वाली रात भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बेटे ने घर में रखी लकड़ी से अपने पिता पर हमला कर दिया. उसने पिता के सीने और शरीर के कई हिस्सों पर बेरहमी से वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट
हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर में ही रखा और किसी को तुरंत इसकी जानकारी नहीं दी. बाद में वार्ड पार्षद ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे बीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय स्थिति कितनी गंभीर थी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवाद और शराब की लत से होने वाले गंभीर परिणामों को उजागर किया है. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.