scorecardresearch
 

ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर में पीछे से घुसी स्कूटी, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से स्कूटी टकरा गई. हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चियों समेत चार लोगों की मौके पर मौत हो गई. वहीं, एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है, जबकि पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है.(Photo: Raghunandan Panda/ITG)
एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है.(Photo: Raghunandan Panda/ITG)

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे एक ट्रैक्टर में पीछे से आ रही स्कूटी जा भिड़ी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई.

इस हादसे में जान गंवाने वालों में दो महिलाएं और दो मासूम बच्चियां शामिल हैं. वहीं, आठ वर्षीय एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

यह भी पढ़ें: 'तंत्र-मंत्र से परेशानी दूर कर दूंगा, पैसा भी होगा डबल...' छत्तीसगढ़ की महिला से ठगे 85 लाख, हैरान कर देगी पूरी कहानी

हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर लंबा जाम लग गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जबकि घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.

बसंत विहार जा रहा था परिवार, रास्ते में काल बन गया खड़ा ट्रैक्टर

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, भिलाई-3 निवासी 28 वर्षीय अमृता निर्मलकर अपने परिवार के चार अन्य सदस्यों के साथ स्कूटी से रायपुर के बसंत विहार जा रही थीं. शुक्रवार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच उनकी स्कूटी दुर्ग से रायपुर जाने वाली सड़क पर ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे एक ट्रैक्टर के पीछे जा टकराई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए. हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी.

इस हादसे में अमृता निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), सात वर्षीय यासना और चार वर्षीय डाली की मौत हो गई. वहीं आठ वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका एम्स रायपुर में इलाज चल रहा है.

पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया, ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और उसके चालक को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है.

Advertisement

भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि यह हादसा कुम्हारी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर दशमेश ढाबा के सामने हुआ. सड़क पर ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदा ट्रैक्टर खड़ा था. उसी दौरान पीछे से आ रही स्कूटी ट्रैक्टर में जा घुसी. मौके पर चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा घायल है. ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement