'घर में सब ठीक हो जाएगा... बस एक पूजा करानी होगी...' 'शेयर मार्केट में पैसा लगाइए... कुछ ही महीनों में रकम कई गुना हो जाएगी...' इन दो बातों पर भरोसा करना छत्तीसगढ़ की एक महिला को इतना महंगा पड़ गया कि उसकी 85 लाख रुपये की जमा-पूंजी चली गई. पहले तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर बातों में फंसाया. फिर शेयर ट्रेडिंग के नाम पर मोटे मुनाफे का सपना दिखाया गया. जब तक महिला को हकीकत समझ आई, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
अब इस मामले में दुर्ग पुलिस ने आरोपी पवन बधोरिया को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, भिलाई नगर की रहने वाली महिला की कुछ समय पहले रायपुर में पवन बधोरिया से मुलाकात हुई थी. यहीं आरोपी ने महिला से कहा कि उसके परिवार पर संकट है. पति और बेटी की परेशानियां सामान्य नहीं हैं. इनका समाधान तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठान से हो सकता है.
धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और भरोसा भी. जब आरोपी को लगा कि महिला उस पर भरोसा करने लगी है, तो उसने नया प्रस्ताव रखा. उसने कहा कि वह शेयर मार्केट में निवेश कराकर बहुत कम समय में बड़ा मुनाफा दिला सकता है. एक तरफ परिवार की परेशानियां खत्म करने का भरोसा, दूसरी तरफ जल्दी अमीर बनने का सपना... पुलिस के मुताबिक, यही वह जाल था, जिसमें महिला फंसती चली गई.
यह भी पढ़ें: साइबर ठगी से खड़ा किया 2.5 करोड़ का साम्राज्य! मेरठ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कर ली कुर्की
जांच के मुताबिक, महिला ने अलग-अलग किश्तों में पैसे आरोपी के बताए बैंक खातों में ट्रांसफर किए. कुछ रकम नकद भी दी गई. धीरे-धीरे यह रकम करीब 85 लाख रुपये तक पहुंच गई. जब महिला ने इनवेस्टमेंट का मुनाफा या अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी बहाने बनाने लगा. इसके बाद उसे एहसास हुआ कि उसके साथ कथित ठगी हो चुकी है.
महिला की शिकायत पर भिलाई नगर थाने में मामला दर्ज किया गया. दुर्ग पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की. जांच टीम मध्य प्रदेश के इंदौर पहुंची और वहां से पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया और अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि महिला ने भिलाई नगर थाना में एक केस दर्ज कराया था कि उसकी मुलाकात पवन बधोरिया से रायपुर में हुई थी. पवन ने पति और बेटी को शारीरिक समस्या के निराकरण के लिए जादू-टोना, तंत्र-मंत्र करने और शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर 85 लाख की धोखाधड़ी कर ली थी. वह फरार हो गया था.
पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी बेरोजगार है. वह तंत्र-मंत्र का काम करता है. उसने पीड़िता को डराया धमकाया है. तंत्र-मंत्र के नाम पर रुपए ऐंठे है. धोखाधड़ी व एक्सटॉर्शन की धारा जोड़ी गई है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने पहले भी इसी तरह की ठगी की है या नहीं. उसके बैंक खातों, मोबाइल फोन और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है.