छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के मेघा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. मेघा स्थित माता रानी फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर एक संदिग्ध युवक ने जमकर हंगामा किया. पहले उसने पेट्रोल पंप कर्मचारियों से गाली गलौज की और विवाद के बाद वहां से चला गया. उस समय शायद कर्मचारियों को अंदाजा भी नहीं था कि युवक कुछ देर बाद फिर लौटेगा और पेट्रोल पंप पर बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश करेगा. करीब दो घंटे बाद वही युवक दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचा. इस बार उसके हाथ में माचिस थी और उसके निशाने पर पेट्रोल पंप की दो बाइक और नोजल था.
बताया गया है कि देर रात करीब 11.30 बजे एक युवक माता रानी फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पहुंचा था. वहां उसने पेट्रोल पंप कर्मचारियों से विवाद किया और गाली गलौज करने लगा. कुछ देर तक हंगामा करने के बाद युवक वहां से चला गया. इसके करीब दो घंटे बाद रात लगभग 1.30 बजे वही युवक दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचा. इस बार उसने पेट्रोल पंप पर खड़ी कर्मचारियों की दो बाइकों को निशाना बनाया.
पेट्रोल डालकर दोनों बाइकों में लगाई आग
पेट्रोल पंप पर लौटने के बाद युवक ने पहले कर्मचारियों की दो बाइकों पर पेट्रोल डाला. इसके बाद उसने दोनों बाइकों में आग लगा दी. आग लगते ही दोनों बाइक धू-धूकर जलने लगीं और देखते ही देखते जलकर खाक हो गईं. युवक यहीं नहीं रुका. दो बाइकों में आग लगाने के बाद वह पेट्रोल पंप की डिस्पेंसरी यूनिट के पास पहुंच गया. इसके बाद उसने पेट्रोल पंप के नोजल में माचिस से आग लगाने की कोशिश की.
पेट्रोल पंप के नोजल में आग लगाने की कोशिश से वहां मौजूद कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया. कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को रोकने का प्रयास किया. गनीमत रही कि युवक नोजल में आग लगाने में कामयाब नहीं हो सका. अगर नोजल में आग लग जाती तो पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा हो सकता था. पेट्रोल पंप पर आग फैलने की स्थिति में हालात बेहद खतरनाक हो सकते थे.
जब पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने युवक को रोकने का प्रयास किया तो वह मौके से फरार हो गया. युवक की पूरी हरकत पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है. CCTV फुटेज में युवक के पेट्रोल पंप पर पहुंचने, कर्मचारियों से विवाद करने और बाद में दोबारा लौटकर बाइकों में आग लगाने की घटना कैद हुई है. इसके अलावा नोजल में माचिस से आग लगाने की कोशिश भी CCTV में दिखाई दी है.
पुलिस में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत
घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक ने मगरलोड थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की तलाश में जुट गई है. पुलिस अब CCTV में दिखाई दे रहे युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है. फिलहाल युवक वारदात के बाद मौके से फरार है.
इस पूरी घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर युवक की पेट्रोल पंप कर्मचारियों से क्या दुश्मनी थी. पहले कर्मचारियों से गाली गलौज और विवाद, फिर करीब दो घंटे बाद वापस लौटना और दो बाइकों में आग लगाने के बाद नोजल में आग लगाने की कोशिश करना कई सवाल खड़े करता है. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध युवक की तलाश में जुटी है. पुलिस जल्द आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है.