scorecardresearch
 

बिहार: नई दुकान खोली, पार्टी करने आए दोस्तों ने ही कर लिया किडनैप, परिवार से मांगे 20 लाख

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. नई दुकान खोलने की खुशी में दोस्तों ने एक युवक से पार्टी मांगी और फिर उसी पार्टी से उसे अगवा कर लिया. इसके बाद आरोपियों ने लड़के के परिजनों से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी. हालांकि थाने में एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद महज तीन घंटे में पुलिस ने पीड़ित को सकुशल बरामद कर लिया.

Advertisement
X
मुजफ्फरपुर में दोस्तों ने ही व्यवसायी को किया अगवा
मुजफ्फरपुर में दोस्तों ने ही व्यवसायी को किया अगवा

बिहार के मुजफ्फरपुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक शख्स ने दुकान खोलने की खुशी में अपने दोस्तों को पार्टी दी. उसी पार्टी में दोस्तों ने उसका अपहरण कर लिया और उसके परिजनों से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने लगे. मामले की जानकारी पुलिस को दी गई जिसके बाद सिर्फ 3 घंटे में पुलिस ने अगवा किए गए व्यवसायी के बेटे को सकुशल बरामद कर लिया.

दरअसल जिले के करजा थाना क्षेत्र में सराफा कारोबारी  मनोज कुमार के 25 साल के बेटे अंशु कुमार ने श्री गणेशाय नमः नाम से अपनी नई दुकान खोली थी. दुकान खोलने की खुशी में अंशु के दोस्त राहुल और अन्य ने उससे पार्टी मांगी.

जब अंशु ने दोस्तों के लिए पार्टी का आयोजन किया तो राहुल ने ही उसका अपहरण कर लिया. बेटे को अगवा किए जाने को लेकर आभूषण व्यवसायी मनोज कुमार ने करजा थाने में तुरंत एफआईआर दर्ज कराई.

उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि उनका बेटा अंशु दुकान बंद कर रविवार की शाम 7 बजे घर के लिए निकला लेकिन आठ बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू की गई. इस दौरान उसका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा. 

दोस्तों ने ही मांगी फिरौती

परिजन जब बेटे को ढूंढने में लगे हुए थे इसी दौरान एक अनजान नंबर से फिरौती के लिए फोन आना शुरू हो गया. अपहरण करने वाले आरोपी युवक को छोड़ने के बदले  फिरौती के रूप में 20 लाख रुपये मांगने लगे. उन्होंने धमकी दी कि फिरौती की रकम नहीं देने पर युवक की हत्या कर देंगे. काफी आरजू  मिन्नत के बाद अपहरणकर्ता 10 लाख रुपये और सोने का जेवर लेने पर अड़ गए. परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना थाना अध्यक्ष को दी.

Advertisement

थाना अध्यक्ष ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर  अपहृत युवक को अनंत करजा के एक चप्पल फैक्ट्री के कमरे से बरामद कर लिया. मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने करजा चौक के पास से आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद दो अन्य युवक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया.

पुलिस ने तीन घंटे में पीड़ित को किया बरामद
  
इस घटना को लेकर डीएसपी हेडक्वार्टर आशीष आनंद ने बताया की  कल देर रात करजा थाना क्षेत्र में रहने वाले अंशु कुमार की अपहरण की सूचना मिली थी. इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर करजा एसएचओ के साथ छानबीन शुरू की. 

वैज्ञानिक अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर अंशु कुमार को सकुशल बरामद कर लिया गया. जिस मोबाइल से फिरौती मांगी गई थी उस मोबाइल को भी बरामद कर लिया गया है. अंशु के परिजनों ने अगवा करने वाले लोगों को देने के लिए कुछ पैसों का भी इंतजाम कर लिया गया था. उसे भी रिकवर कर लिया गया है. 

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि अगवा करने वाले और पीड़ित चारों आपस में दोस्त थे और पार्टी के लिए इकट्ठा हुए थे. दो दोस्त खा पीकर पहले ही बाहर निकल गए थे. अंदर अंशु और मुख्य आरोपी ही बचे थे जिसके बाद अंशु के परिजन को कॉल कर 20 लाख की फिरौती मांगी गई थी. उसके बाद फिरौती की राशि बदलती गई. पुलिस ने आशंका जताई है कि इसमें अंशु की भी संलिप्तता हो सकती है.

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement