जेडीयू के प्रवक्ता और विधान पार्षद संजय सिंह के महिलाओं पर दिए बयान से बवाल मच गया है. रेप की कोशिश की एक वारदात के बाद उन्होंने बयान दिया है कि लड़कियां रात में किसी से लिफ्ट न मांगें.
दरअसल, दो दिनों पहले पटना में आधी रात को चलती कार में 23 साल की एक लड़की के साथ दुष्कर्म की कोशिश हुई थी. इसके बाद संजय सिंह ने नसीहत दी थी कि लड़कियां रात में अकेले न निकलें. इस पर जब बवाल बढा़, तो उन्होंने अब सफाई दी है.
संजय सिंह ने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया. लेकिन वे अपनी उस बात पर अब भी कायम हैं कि रात में लड़कियां किसी से लिफ्ट न मांगें. बहरहाल, दूसरे दलों ने जेडीयू प्रवक्ता के इस बयान के बाद उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.