
बिहार में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है. जिसके चलते आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. लगातार हो रही बारिश का असर अब बांध पर बने रास्तों पर भी देखने को मिल रहा है. आरजेडी विधायक तेजप्रताप यादव के क्षेत्र समस्तीपुर के हसनपुर में गाड़ियां कीचड़ में फंस जा रही हैं, आवागमन बाधित हो गया है. आलम यह है कि ट्रैक्टर के सहारे गाड़ियों को निकालाना पड़ रहा है.
बता दें कि हसनपुर क्षेत्र में भटवन पंचायत के बल्लहपुर शिव मंदिर के पास करेह नदी पर बने बांध की स्थिति भारी बारिश में काफी खराब हो गई है. पूरा बांध कीचड़ में तबदील हो गया है. यहां से आने जाने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. बांध पर बने सड़क से केलुहाघाट से करांची की ओर जाने के दौरान कई गाड़ियां कीचड़ में फंस गईं. काफी देर तक चालकों द्वारा गाड़ियों को निकालने की कोशिश की गई लेकिन निराशा हाथ लगी.

बाद में जब इसकी सूचना स्थानीय लोगों को मिली तो काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे. ट्रैक्टर बुलाकर बारी बारी से गाड़ियों को कीचड़ से बाहर निकाला गया. इस मशक्कत के बाद लोग अपने गंतव्य स्थानों की ओर निकल सके.
गौरतलब है कि ये क्षेत्र आरजेडी विधायक तेजप्रताप यादव का है. लोगों ने उनसे गुहार लगाई है कि प्रशासन से पहल कर इसे जल्द से जल्द ठीक कराया जाए. अब देखना होगा कि बारिश के बीच बांध पर बने सड़क की मरम्मत का काम हो पाता है या नहीं.