एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद से ही सोशल मीडिया पर संजय दत्त और टाइगर के ऐसे वीडियो वायरल हो गए हैं, जिनके जरिये दावा किया जा रहा है कि उन्होंने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को धमकी दी है. इनमें से दो वीडियो न्यूज बुलेटिन के रूप में हैं. पहले में संजय दत्त कहते हैं, "बहुत ही मुश्किल दौर से. इसलिए हम सबको एक साथ मिलकर इसका सामना करना पड़ेगा." वहीं, दूसरे वीडियो के वॉइसओवर में एक लड़की कहती है कि जहां पूरा बॉलीवुड मुंह में दही जमा कर बैठा है, वहीं संजू बाबा ने इस सिंडिकेट के खिलाफ अपनी छाती तान दी है. आगे वो इस घटना से जुड़े संजय दत्त के एक कथित बयान का जिक्र करती है- "अगर कोई ये सोचता है कि गोलियां चलाकर वो हमारी इंडस्ट्री को या हमारे बच्चों को डरा देगा, तो उसकी ये बहुत बड़ी गलतफहमी है." इसे पोस्ट करते हुए 'ब्रेकिंग न्यूज' नाम के फेसबुक पेज ने लिखा, "लॉरेंस को संजय दत्त की खुली धमकी".

इसी तरह, एक अन्य वीडियो में टाइगर श्रॉफ कहते दिखते हैं, "बिश्नोई गैंग, आपने मुझ पर वार करके बहुत बड़ी गलती कर दी है. अब मेरी खामोशी को मेरी कमजोरी मत समझना. क्योंकि फिल्म अभी खत्म नहीं हुई. असली क्लाइमैक्स तो अब शुरू होगा."
इन वीडियो पर प्रतिक्रिया देने वाले बहुत सारे लोग इन्हें संजय दत्त और टाइगर श्रॉफ का असली बयान समझ रहे हैं. आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि संजय दत्त ने खबर लिखे जाने तक टाइगर श्रॉफ पर हमले को लेकर कोई भी बयान नहीं दिया है. टाइगर ने भी इस बारे में सार्वजनिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. टाइगर और संजय, दोनों के नाम पर वायरल हो रहे ये बयान पूरी तरह फर्जी हैं.
कैसे पता चली सच्चाई?
18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद मनोज वाजपेयी, दिव्या दत्ता, रेणुका शहाणे, सुनील शेट्टी, और विद्युत जामवाल जैसी बॉलीवुड की कई हस्तियों के बयान आए. इस मामले में हो रही पुलिस की कार्रवाई और तमाम अपडेट्स लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. ऐसे में अगर संजय दत्त जैसे बड़े कलाकार ने इस मसले पर कुछ कहा होता, तो इसके बारे में यकीनन खबरें छपी होतीं. लेकिन हमें ऐसी एक भी विश्वसनीय खबर नहीं मिली. संजय के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी ऐसा कोई बयान नहीं है.
जिस वायरल वीडियो में संजय कहते हैं कि "हम सबको एक साथ मिलकर इसका सामना करना पड़ेगा", वो दरअसल साल 2020 का वीडियो है जब संजय कोरोना महामारी से निपटने के बारे में बात कर रहे थे.
जाहिर है, संजय दत्त के लॉरेंस को धमकाने का दावा पूरी तरह बेबुनियाद है.
क्या है टाइगर वाले वीडियो की कहानी?
अगर आप बिश्नोई गैंग को टाइगर की कथित धमकी वाले वीडियो को ध्यान से देखें, तो पाएंगे कि उनके होठों का मूवमेंट उनकी बातों से मेल नहीं खा रहा. टाइगर की पीआर टीम ने 20 अक्टूबर को उनके नाम पर वायरल हो रहे एआई जेनरेटेड वीडियो और फर्जी बयानों को लेकर आगाह करते हुए एक संदेश जारी किया. इसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि टाइगर ने इस घटना को लेकर कोई बयान नहीं दिया है और अगर कोई उनके बारे में भ्रामक जानकारी शेयर करेगा, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से ये हमें 5 अगस्त, 2025 के एक फेसबुक पोस्ट में मिला. ये एक लाइव वीडियो का हिस्सा लग रहा है जिसमें टाइगर कहते हैं कि फिलहाल बागी-4 फिल्म का कोई सीन नहीं है और लेखक इसकी कहानी लिख ही रहे हैं. इसी वीडियो को फ्लिप करके और इसके ऑडियो की जगह एआई से बना ऑडियो लगाकर ही वायरल वीडियो बनाया गया है. ‘isfake.ai’ वेबसाइट ने इस वीडियो में इस्तेमाल ऑडियो को एआई जेनरेटेड बताया.

साफ है, टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद उनके और संजय दत्त के नाम पर वायरल हो रहे बयान फर्जी हैं.