दिल्ली के जंतर-मंतर पर बीते तीन हफ्तों से कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है जिसमें एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भूख हड़ताल कर रहे हैं. इसी संदर्भ में अब कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि दक्षिण भारतीय एक्टर्स प्रकाश राज और रजनीकांत ने वांगचुक से मुलाकात की और प्रदर्शन के प्रति अपना समर्थन जताया.
ऐसा कहने वाले लोग, एक वीडियो शेयर कर रहे हैं जिसमें एक मंच पर कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके के पास प्रकाश राज और एक्टर रजनीकांत की तरह दिखने वाले एक शख्स बैठे दिखते हैं.
प्रकाश कहते हैं, 'मैं फिल्मों में चीटिंग करता हूं, पैसे मिलते हैं. वो एक्टिंग है, ये एनेक्टिंग है. वो एक्ट ऑफ आर्ट है, ये एक्ट ऑफ क्राइम है.' इस वीडियो को शेयर करते हुए एक फेसबुक यूजर ने लिखा, 'प्रकाश राज रजनीकांत पहुंचे जंतर-मंतर पर.'
वहीं, कुछ लोग एआई की मदद से भी प्रकाश राज और रजनीकांत के कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में पहुंचने के मैसेज के साथ पोस्टर बनाकर शेयर कर रहे हैं.

ऐसे ही कुछ पोस्ट्स का आर्काइव्ड वर्जन यहां और यहां देखा जा सकता है.
लेकिन आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शन में प्रकाश राज के साथ पहुंचने वाले शख्स केरल के पूर्व वित्त मंत्री टीएम थॉमस आइज़ैक हैं, न कि एक्टर रजनीकांत.
कैसे पता लगाई सच्चाई?
प्रकाश राज और सीपीआई(एम) पार्टी के नेता थॉमस आइज़ैक, 11 जुलाई को जंतर-मंतर पहुंचे और उन्होंने वहां सोनम वांगचुक से मुलाकात की. प्रकाश ने मंच से लोगों को संबोधित करते हुए इस आंदोलन के प्रति सरकार की उदासीनता पर सवाल उठाए. वहीं, थॉमस आइज़ैक ने भी आंदोलन कर रहे युवाओं का उत्साह बढ़ाया था. दोनों का पूरा भाषण 'द ट्रिब्यून' की इस रिपोर्ट में सुना जा सकता है. इस रिपोर्ट में साफ तौर पर थॉमस आइज़ैक का परिचय दिया गया है.
अभिजीत दीपके ने भी 11 जुलाई को इस बारे में एक्स पोस्ट के जरिये प्रकाश राज और थॉमस आइजैक का धन्यवाद किया था.
कौन हैं थॉमस आइजैक?
केरल के रहने वाले थॉमस आइजैक दो बार वहां के वित्तमंत्री रह चुके हैं. 1996 से 2001 के बीच वो केरल के स्टेट प्लानिंग बोर्ड के सदस्य भी रह चुके हैं.
हमें एक्टर रजनीकांत के कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शन में जाकर समर्थन जताने से संबंधित कोई खबर नहीं मिली.
साफ है, केरल के नेता थॉमस आइजैक का वीडियो ये कहकर शेयर किया जा रहा है कि एक्टर रजनीकांत कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में पहुंचे.