बिग बॉस फेम प्रणित मोरे एक बार फिर अपने स्टैंड-अप शो को लेकर विवादों में आ गए हैं. पिछले कुछ दिनों से उनके शो की क्लिप्स वायरल हो रही हैं, जिसमें कई सारी आपत्तिजनक बातें हो रही हैं. जहां एक लड़का हिमांशु जांगड़ा, 370 रुपये की बिरयानी के बदले लड़की से कुछ वापसी में वसूल करने को लेकर उससे संबंध बनाने की बात करता है. वहीं एक लड़की डॉ. सेजल पवार डेड बॉडी के प्राइवेट पार्ट पर जोक क्रैक करती है.
प्रणित के शो को लेकर विवाद काफी गरमा चुका है. हर कोई कॉमेडियन की आलोचना कर रहा है, जिन्होंने ऐसी बातों पर सामने वाले को फटकारने के बदले उनके साथ ठहाके लगाए. इस विवाद में अब महाराष्ट्र की साइबर पुलिस की एंट्री हो गई है. उन्होंने नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में कॉमेडियन और बाकी दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. सोशल मीडिया पर फैलाए गए आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर ये एक्शन लिया गया है.
प्रणित के शो के खिलाफ दर्ज की गई FIR
स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा, डॉ. सेजल पवार और अन्य शामिल लोगों के खिलाफ धारा 75(1)(iv), 75(3), 294, 353(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 के साथ धारा 67 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 के तहत केस दर्ज किया गया है.
पुलिस का मानना है कि प्रणित मोरे द्वारा होस्ट किए गए शो के वीडियो में महिलाओं, सहमति और मृत व्यक्तियों के बारे में अश्लील, आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं, जो समाज के स्वीकार्य मानकों के खिलाफ हैं. जांच में पता चला कि एक क्लिप में हिमांशु जांगड़ा ने डेट पर पैसे खर्च करने के बदले शारीरिक संबंध बनाने का हक जताया, जिससे महिलाओं को नीचा दिखाया गया और सहमति के मुद्दे को हल्का बनाया गया.
दूसरी क्लिप में डॉ. सेजल पवार ने मृत पुरुषों के शवों और मेडिकल कैडेवर के बारे में अश्लील और अपमानजनक कमेंट्स किए, जो मृतकों की गरिमा का अपमान है और सार्वजनिक शालीनता के खिलाफ है. इन क्लिप्स को प्रणित मोरे के शो में रिकॉर्ड किया गया था और जानबूझकर प्रमोट, व्यू और रिलीज किया गया ताकि ज्यादा व्यूज आएं, लोग ज्यादा एंगेज हों और पैसे कमाए जाएं.
प्रणित को भेजा गया है समन
पुलिस ने प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार को समन भेजा है. उन्हें महाराष्ट्र साइबर के सामने पेश होने और बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है. जांच अभी चल रही है और सभी दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.
महाराष्ट्र साइबर ने सभी कंटेंट क्रिएटर्स, इंफ्लुएंसर्स और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील भी की है कि वो ऑनलाइन कंटेंट बनाते और शेयर करते समय सावधानी बरतें और कानून का पालन करें. नागरिकों से भी अनुरोध है कि ऐसी अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट शेयर न करें, फॉरवर्ड न करें. ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है. उन्होंने रिक्वेस्ट की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और गलत कंटेंट की रिपोर्ट करें.