सुमोना चक्रवर्ती कपिल शर्मा के शो में कॉमेडियन की पत्नी मंजू शर्मा का रोल प्ले करने के लिए जानी जाती हैं. इस शो से उन्हें घर-घर में बहुत प्यार मिला. लेकिन अब सुमोना कपिल के शो से गायब हैं. वो पिछले काफी समय से सोशल मीडिया से भी अचानक दूर हो गई थीं. फैंस ने उनका काफी इंतजार किया. वो इतने दिनों से इसलिए गायब थीं क्योंकि एक्ट्रेस अपने हेल्थ स्ट्रगल से जूझ रही थीं, अब सुमोना वापस लौट चुकी हैं.
कहां गायब थीं सुमोना?
सुमोना चक्रवर्ती ने बीते दिन इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने काफी सारी बातें लिखी हुई थीं. उन्होंने बताया कि वो पिछले कई सालों से एंडोमेट्रियोसिस नाम की बीमारी से पीड़ित थीं. वो दो महीनों से इसका इलाज करा रही थीं, जिससे अब वो धीरे-धीरे उबर चुकी हैं. सुमोना इतने समय से इंटरनेट से इसलिए भी दूर थीं क्योंकि वो अपनी मेंटल और फिजिकल हेल्थ पर काम कर रही थीं.
38 साल की सुमोना का कहना है कि वो बिल्कुल ठीक हैं, जिसका कारण उनके डॉक्टर्स हैं जिन्होंने उनके दर्द का सही से इलाज किया. सुमोना की ये पोस्ट सिर्फ सहानुभूति या प्रमोशन के लिए नहीं थी. उन्होंने इस बदलाव पर बात की जिसने उनकी जिंदगी जीने के नजरिए को बदला. सुमोना ने कहा कि वो एक समय पर अपना इंस्टाग्राम और व्हॉट्सऐप डिलीट करने वाली थीं, लेकिन ये उनकी परेशानी का समाधान नहीं था.
एक्ट्रेस ने कहा कि वो हिमालय संन्यास लेकर नहीं जा रही हैं, ऐसे में ये सब करने की उन्हें कोई जरूरत नहीं. उनके पास काम, परिवार और दोस्त हैं. बल्कि अब उन्होंने सोशल मीडिया को इस्तेमाल करने का अपना तरीका बदला है. वो कभी लाइक्स-फॉलोअर्स के पीछे नहीं भागीं. उन्होंने कहा कि अब वो सोशल मीडिया का इस्तेमाल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, पेरिमेनोपॉज, एंडोमेट्रियोसिस, हेल्थ, ट्रेवल, किताबें, पौधे, कुत्ते, बिल्लियां- जैसी तमाम घरेलू चीजों का हिस्सा होने जैसे टॉपिक पर बातचीत के लिए एक मंच बनाने के लिए करना चाहती हैं.
बॉडी शेम हुईं सुमोना
सुमोना ने इसी दौरान इंटरनेट पर बॉडी शेमिंग और अश्लील कमेंट्स मिलने पर भी बात की. उन्होंने कहा कि उनकी पोस्ट पर आने वाली कमेंट्स में अक्सर उनके शरीर के अंगों का मजाक उड़ाया जाता है या वो अश्लील होती हैं. उनका कहना है कि ऐसी टिप्पणियां हमेशा आदमी की ओर से होती हैं. साथ ही, उन्होंने कहा कि कई नेक इरादे वाले फॉलोअर्स उनकी पोस्ट पढ़ते हैं, उन्हें लाइक करते हैं, उन्हें पर्सनल मैसेज भेजते हैं और आगे बढ़ जाते हैं.
सुमोना ने अंत में इतनी लंबी पोस्ट लिखने का कारण भी साझा किया. वो देखना चाहती थीं कि आखिर कितने लोग सचमुच इतनी भागदौड़ भरी जिंदगी में थोड़ा समय निकालकर, इसे पढ़ने और रुकने का फैसला करने के लिए तैयार होंगे. सुमोना चक्रवर्ती को अपनी पोस्ट पर कई लोगों का प्यार मिला है. हर कोई उनपर गर्व महसूस कर रहा है, क्योंकि एक्ट्रेस ने अपना दर्द और अपनी फीलिंग्स पूरे खुले दिल से उनके साथ शेयर की है.