बिग बॉस 19 की कंटेस्टेंट रहीं फरहाना भट्ट ने बीते दिनों ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर दुख जताया था. उनका रिएक्शन वायरल हुआ था. फरहाना को इसके लिए ट्रोल किया गया. हिना खान के पति रॉकी जायसवाल ने भी फरहाना की क्लास लगाई थी. कईयों ने फरहाना को देशविरोधी बताया था. अब फरहाना ने अपने बयान पर सफाई दी है.
एक इवेंट में पहुंचीं फरहाना ने पैप्स से बात करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भारत के खिलाफ कोई बात नहीं की है. लोगों के उन्हें जज करने पर वो बोलीं- ये सही तरीका नहीं है. मुझे जजमेंट का कोई खौफ नहीं है. लेकिन मुझे लगता है ऐसे लोगों को एक बार सोचना चाहिए.
''अपने अंदर झांकना चाहिए, उन्होंने सोचना चाहिए था कि उस वक्त मेरे वर्डिंग्स क्या थे. उन्हें मेरी बात खुद सुननी चाहिए. मैं ये कह दूं कि जब तक मेरी सांस है, मैं कभी अपने देश के खिलाफ नहीं जाऊंगी. ना ही कभी मैं देश के खिलाफ गई हूं. आप एक सबूत दिखा दो मुझे कहीं भी. मैंने आज तक कभी भी ऐसा बातें नहीं बोली हैं.''
फरहाना ने क्या कहा था?
फरहाना ने एक इंटरव्यू में खामेनेई की मौत पर कहा था- वो ऐसी शख्सियत थे, जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता. वो हमारे दिल में रहेंगे. अल्लाह उनकी शहादत कुबूल करे. कश्मीरी जितने भी लोग हैं, वो इस चीज से झुलस चुके हैं. सबका दिल दहल रहा है. सहरी के बाद मैं बिल्कुल सोई नहीं हूं. काफी लोगों के लिए वो मसीहा थे. वो हमारे दिल, दिमाग में हमेशा जिंदा रहेंगे.
फरहाना पर भड़के थे रॉकी?
खामेनेई की मौत पर फरहाना का रिएक्शन वायरल हुआ था. हिना के पति रॉकी ने भी लंबा चौड़ा पोस्ट लिखकर उनके बयान पर आपत्ति जताई थी. उन्होंने लिखा था- इन लोगों को मैंने कभी किसी भारतीय के लिए इतना प्यार या आंसू बहाते नहीं देखा. न सैनिकों के लिए, न हमलों के पीड़ितों के लिए, न सरकारी पुलिस के लिए, यहां तक कि महान एपीजे अब्दुल कलाम के लिए भी नहीं. जो लोग आपकी रक्षा करते हैं, उन्हीं के साथ गद्दारी और विदेशियों के लिए शोक, जो हमेशा आपके देश के खिलाफ खड़े रहे. वफादारी ही सब कुछ है, और वफादारी सब कुछ साफ दिखा देती है.