बॉलीवुड से हॉलीवुड तक शोहरत पा चुके इरफान खान का अपना एक अलग ही अंदाज है. वह ऐसे कलाकार हैं जो अपने जबरदस्त और शानदार अभिनय से किसी भी किरदार में जान डाल देते हैं. दिल से अभिनय करने वाले इरफान खान का आज जन्मदिन है.
हाल ही में हॉलीवुड अभिनेता टॉम हैंक्स ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि इरफान की आंखें भी अभिनय करती हैं. इरफान खान जयपुर के एक मुस्लिम पठान परिवार में 7 जनवरी, 1967 का जन्मे थे. पूरा नाम शाहबजादे इरफान अली खान है.
उनके जन्मदिन पर एक अजब किस्सा सामने आया. पठान परिवार के होने के बावजूद इरफान बचपन से ही शाकाहारी हैं. इसलिए उनके पिता उन्हें हमेशा यह कहकर चिढ़ाते थे कि पठान परिवार में ब्राह्मण पैदा हो गया.
एनएसडी से प्रशिक्षण लेने के बाद इरफान ने दिल्ली से मुंबई का रुख किया और वहां जाकर कई सारे टीवी सीरियल्स में काम किया.
इरफान खान ने अपने 28 साल के फिल्मी करियर में कई यादगार फिल्मों में काम किया है. बॉलीवुड के साथ-साथ इरफान हॉलीवुड में भी सक्रिय रहे हैं. उन्हें हमने 'जुरासिक वर्ल्ड' और 'स्पाइडर मैन' जैसी फिल्मों में देखा है.
हाल ही में इरफान खान को फिल्म 'पान सिंह तोमर' के लिए नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था. 2011 में भारत सरकार की तरफ से पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया.