हॉलीवुड के दिग्गज एक्टर अर्नोल्ड वोस्लू, जिन्हें पूरी दुनिया 'द ममी' सीरीज में अमर और खतरनाक इमहोतेप के किरदार के लिए जानती है, अब भारतीय सिनेमा के पर्दे पर कदम रखने जा रहे हैं. वे विजय देवरकोंडा की आने वाली बड़ी पीरियड फिल्म 'रणबाली' के जरिए तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में अपना शानदार डेब्यू कर रहे हैं.
इस मचअवेटेड फिल्म का ऐलान इसी साल रिपब्लिक डे के खास मौके पर किया गया था, और अब इसका ट्रेलर भी रिलीज हो चुका है जिसे दर्शकों की तरफ से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है. तमाम चर्चाओं और एक्साइटमेंट के बीच यह फिल्म इसी हफ्ते 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.
ब्रिटिश अफसर के रूप में नजर आएंगे अर्नोल्ड
फिल्म 'रणबाली' में अर्नोल्ड वोस्लू एक खूंखार ब्रिटिश राज के अफसर और मुख्य विलेन, यानी 'सर थियोडोर हेक्टर' की भूमिका निभा रहे हैं. यह किसी भी भारतीय फिल्म में उनका एक्टिंग डेब्यू हैं, जिससे उनके ग्लोबल करियर और काम के दायरे में एक और बड़ा अध्याय जुड़ गया है. इस ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म का मुख्य उद्देश्य ब्रिटिश शासन के दौर की उन भयानक सच्चाइयां और इतिहास के एक अहम पन्ने को दुनिया के सामने लाना है, और ऐसे प्रोजेक्ट में अर्नोल्ड का जुड़ना इसे और भी खास बनाता है.
थिएटर की दुनिया से हॉलीवुड तक का सफर
अर्नोल्ड वोस्लू का शुरुआती जीवन पूरी तरह से एक्टिंग और रंगमंच के माहौल में बीता. उनका जन्म और पालन-पोषण दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया में हुआ था. उनके माता-पिता दोनों ही स्टेज पर एक्टिंग किया करते थे, और उनके पिता अल्बर्टन (गौटेंग) में एक ड्राइव-इन सिनेमा भी चलाते थे. स्कूल की पढ़ाई और अपनी मिलिट्री सेवा पूरी करने के बाद, उन्होंने 'टेक्निकॉन प्रिटोरिया' से ड्रामा की बाकायदा पढ़ाई की, जिसने उनके एक्टिंग करियर की मजबूत नींव रखी.
'द ममी' ने बदली जिंदगी
अर्नोल्ड ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर और 'बोटी गान बॉर्डर टो' (1984) जैसी दक्षिण अफ्रीकी फिल्मों से की थी. नब्बे के दशक के आखिर में अमेरिका का रुख करना उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. साल 1999 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'द ममी' और इसके सीक्वल 'द ममी रिटर्न्स' (2001) में निभाए गए इमहोतेप के किरदार ने उन्हें रातों-रात हॉलीवुड का एक जाना-माना और खूंखार विलेन बना दिया.
कई मशहूर फिल्मों में किया काम
'द ममी' सीरीज के अलावा उन्होंने 'हार्ड टारगेट' (1993), 'एजेंट कोडी बैंक्स' (2003), 'ब्लड डायमंड' (2006) और 'सिल्वरटन सीज' (2022) जैसी कई शानदार फिल्मों में काम किया है. इसके अलावा उन्होंने चर्चित फिल्म 'G.I. जो: द राइज़ ऑफ़ कोबरा' (2009) और उसके सीक्वल (2013) में 'जार्टन' का किरदार निभाकर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया. टीवी की दुनिया में भी उन्होंने '24' (चौथे सीजन में आतंकवादी हबीब मारवान), 'NCIS', 'केप टाउन' और 'बॉश' जैसे बड़े शोज में यादगार भूमिकाएं निभाई हैं.
काले इतिहास पर आधारित है 'रणबाली'
यह फिल्म उस भयानक और काले दौर की कहानी कहती है जो 1854 से 1878 के बीच ब्रिटिश भारत में अकाल के रूप में आया था. यह वो दौर था जब सिर्फ 40 सालों के भीतर लगभग 10 करोड़ लोगों की जान चली गई थी और देश को अनुमानित तौर पर 45 ट्रिलियन डॉलर की भारी लूट का सामना करना पड़ा था. फिल्म का टीजर और ट्रेलर इस बात की गवाही देते हैं कि इसकी कहानी कितनी गंभीर और झकझोर देने वाली है. फिल्म की कहानी प्रमोद तमिनेनी ने लिखी है, और इसमें इस ऐतिहासिक त्रासदी को हिटलर के होलोकॉस्ट से भी बड़ा नरसंहार बताया गया है. इस फिल्म को राहुल सांकृत्यायन ने डायरेक्ट की है.