scorecardresearch
 

बम ब्लास्ट सीन के शूट में सिलेंडर फटने से हुआ रियल धमाका, फिल्म 'किलर' के सेट पर टेक्नीशियन की मौत

साउथ स्टार और डायरेक्टर एसजे सूर्या की आगामी फिल्म किलर के सेट पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया. एक बम ब्लास्ट सीन की शूटिंग के दौरान बैलून गैस सिलेंडर फट गया. इस भीषण विस्फोट में स्पेशल इफेक्ट्स डिपार्टमेंट के एक 26 वर्षीय टेक्नीशियन की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.

Advertisement
X
एसजे सूर्या की 'किलर' के शूट पर धमाका, एक टेक्नीशियन की मौत (Photo: IMDB)
एसजे सूर्या की 'किलर' के शूट पर धमाका, एक टेक्नीशियन की मौत (Photo: IMDB)

साउथ स्टार एसजे सूर्या की नई फिल्म किलर के सेट पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया. फिल्म की शूटिंग के दौरान एक बैलून गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिसमें एक टेक्नीशियन की जान चली गई, जबकि कम से कम तीन अन्य लोगों के घायल होने की खबर है. धमाके के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनमें से एक की जान नहीं बच सकी.

बम ब्लास्ट का सीन शूट करने में हुआ हादसा

हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि यह हादसा बुधवार सुबह करीब 5 बजे, चेन्नई के पेरम्बूर में बिन्नी मिल्स कॉम्प्लेक्स में हुआ. यहां पर फिल्म के एक महत्वपूर्ण बम ब्लास्ट सीन की शूटिंग चल रही थी. इसी दौरान शूट के लिए इस्तेमाल किया जा रहा बैलून गैस सिलेंडर अचानक फट गया.

हादसे में मदुरावोयल के रहने वाले मदन (26 साल) और सूर्या (23 साल), कुंद्राथुर के शक्तिवेल (27 साल) और नेरकुंद्रम के दिनाकरन (24 साल) घायल हो गए. कुछ अन्य सूत्रों का दावा है कि कुल पांच लोग घायल हुए हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

सभी घायलों को हादसे के बाद राजीव गांधी गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने मदन को मृत घोषित कर दिया. बाकी घायलों का इलाज जारी है.

Advertisement

पुलिस जांच में जुटी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोट की वजह क्या थी, शूटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, और कहीं यह हादसा किसी तकनीकी खराबी के कारण तो नहीं हुआ. सूत्रों के मुताबिक, घायल हुए सभी टेक्नीशियन स्पेशल इफेक्ट्स डिपार्टमेंट से थे.

यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय एसजे सूर्या सेट पर मौजूद थे या नहीं. एक्टर-प्रोड्यूसर सूर्या, इस फिल्म से बतौर डायरेक्टर वापसी कर रहे हैं. उन्होंने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. हालांकि, इस हादसे ने एक बार फिर तमिल फिल्म इंडस्ट्री में सेट पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है.

कॉलीवुड में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

हाल ही में रजनीकांत और नेल्सन दिलीपकुमार की फिल्म जेलर 2 के सेट पर भी एक बड़ा हादसा हुआ था. पनैयूर के एक स्टूडियो में सेट तैयार करते समय आर्ट डिपार्टमेंट के मेंबर कार्तिकेयन की करंट लगने से मौत हो गई थी.

Advertisement

2025 में कार्ति और पीएस मित्रन की फिल्म सरदार 2 की शूटिंग के दौरान 54 वर्षीय स्टंटमैन एलुमलाई की मौत हो गई थी. एलवी प्रसाद स्टूडियो में एक action सीन फिल्माते समय वह लगभग 20 फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म से गिर गए थे.

इसी साल पा रंजीत और शोभिता धूलिपाला की फिल्म वेट्टुवम के लिए कार पलटने वाला स्टंट करते समय स्टंट आर्टिस्ट एसएम राजू की भी जान चली गई थी.

इससे पहले 2020 में शंकर और कमल हासन की फिल्म इंडियन 2 के सेट पर बड़ा हादसा हुआ था. EVP फिल्म सिटी में एक भारी-भरकम लाइटिंग क्रेन गिरने से तीन असिस्टेंट डायरेक्टर्स- कृष्णा, चंद्रन और मधु की मौत हो गई थी, जबकि नौ अन्य लोग घायल हुए थे. फिलहाल किलर की शूटिंग रोक दी गई है. मामले की जांच जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement