scorecardresearch
 

'पेमेंट मांगी तो जान से मारने की धमकी मिली, पड़ी गालियां' 'लापता लेडीज' एक्टर के सपोर्ट में AICWA, FIR की मांग

'लापता लेडीज' फेम एक्टर सत्येंद्र सोनी के पेमेंट विवाद और धमकी के आरोपों पर अब AICWA उनके समर्थन में उतर आई है. एसोसिएशन ने मध्य प्रदेश सरकार से FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

Advertisement
X
सत्येंद्र सोनी को मिला AICWA का साथ (Photo: Screengrab)
सत्येंद्र सोनी को मिला AICWA का साथ (Photo: Screengrab)

'लापता लेडीज' में अपने किरदार से पहचान बनाने वाले एक्टर सत्येंद्र सोनी का हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वो रोते हुए मदद की गुहार लगाते नजर आए. सत्येंद्र ने आरोप लगाया था कि मध्य प्रदेश के मैहर में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उनसे काम तो कराया गया, लेकिन मेहनताना नहीं दिया गया. इतना ही नहीं, जब उन्होंने अपनी बकाया रकम मांगी तो उन्हें जान से मारने की धमकी तक दी गई.

अब इस पूरे मामले में ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) भी उनके समर्थन में खुलकर सामने आ गई है. संस्था ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

AICWA ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

AICWA ने अपने बयान में कहा कि अभिनेता सत्येंद्र सोनी ने सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाया है कि उन्हें फिल्म 'पेड पालकी' की शूटिंग के लिए मैहर बुलाया गया था. उन्होंने 8 दिन तक शूटिंग की, लेकिन तय भुगतान नहीं किया गया. उन्हें सिर्फ 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे. जब उन्होंने बाकी पैसे मांगे तो फिल्म के निर्माता और निर्देशक ने कथित तौर पर उन्हें धमकाया.

संस्था ने कहा कि सत्येंद्र का भावुक वीडियो फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों और तकनीशियनों के साथ होने वाले व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े करता है. 'किसी भी कलाकार या वर्कर के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए.'

Advertisement

'ये कोई छोटा मामला नहीं'

AICWA ने आगे कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर कलाकारों और कर्मचारियों को काम का लालच देकर बुलाया जाता है, लेकिन बाद में उन्हें समय पर भुगतान नहीं किया जाता. कई बार अपने हक के पैसे मांगने पर उन्हें डराया-धमकाया भी जाता है.

संस्था ने मध्य प्रदेश सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव पुलिस को निर्देश दें कि अभिनेता सत्येंद्र सोनी के आरोपों के आधार पर फिल्म के निर्माता और निर्देशक के खिलाफ FIR दर्ज की जाए और फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले सभी कलाकारों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.

सत्येंद्र ने लगाए थे ये आरोप

सत्येंद्र सोनी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया था कि वो फिल्म 'पेड पालकी' की शूटिंग के लिए मैहर पहुंचे थे. उनके मुताबिक फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर पुष्पेंद्र सिंह हैं, जिन्होंने 'अजमेर 92' बनाई थी.

सत्येंद्र ने दावा किया कि उन्हें सिर्फ 50 हजार रुपये एडवांस देकर बुलाया गया था और बाकी भुगतान शूटिंग के दौरान करने का वादा किया गया था.

उन्होंने बताया- मेरी 10 दिन की शूटिंग थी. 7-8 दिन काम करने के बाद भी पैसे नहीं मिले. यूनिट में भी लोग कह रहे थे कि किसी को पेमेंट नहीं मिली है. जब मैंने पैसे मांगे तो मुझे तुरंत पैकअप करने के लिए कहा गया. इसके बाद पुष्पेंद्र सिंह ने धमकी दी कि 10 मिनट में होटल छोड़ दो, अगर होटल में दिखाई दिए तो जान से मार देंगे.

Advertisement

सत्येंद्र ने ये भी आरोप लगाया कि फिल्म की एक्ट्रेस प्रगति चौहान, जो डायरेक्टर की पत्नी भी हैं, उन्होंने भी उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गालियां दीं. डर के कारण उन्होंने तुरंत होटल छोड़ दिया. उनके साथ एक्टर श्रीधर दुबे और पंकज शर्मा भी वहां से निकल आए.

कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं सत्येंद्र

सत्येंद्र सोनी भले ही छोटे किरदार निभाते रहे हों, लेकिन उन्होंने कई चर्चित फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में अपनी छाप छोड़ी है. वो 'लापता लेडीज', 'डॉक्टर जी', 'बवाल', 'रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स' और टीवी शो 'हेलो बच्चो' जैसे प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं. वहीं आने वाले समय में वो 'मिर्जापुर: द फिल्म' में भी नजर आने वाले हैं. हालांकि सत्येंद्र को खासतौर से लापता लेडीज के छोटू के रोल के लिए जाना जाता है. 

अब AICWA के समर्थन के बाद ये मामला और तूल पकड़ता दिख रहा है. सभी की नजर इस बात पर है कि इस पूरे विवाद में प्रशासन और फिल्म निर्माता पक्ष की ओर से आगे क्या कदम उठाए जाते है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement