scorecardresearch
 

26 साल के लड़के ने 10 करोड़ में बनाई फ‍िल्म, कमा डाले 1400 करोड़! आख‍िर क्यों है ऑब्सेशन?

हॉलीवुड की हॉरर फिल्म ऑब्सेशन ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर रही है. बिना किसी बड़े स्टार या भारी बजट के बनी इस फिल्म ने अपनी लागत से 150 गुना ज्यादा की कमाई कर ली है. दिलचस्प बात यह है कि भारत में भी इस फिल्म ने कम शोज के बावजूद हिंदी फिल्मों से ज्यादा कलेक्शन किया है.

Advertisement
X
हॉलीवुड फिल्म 'ऑब्सेशन' का ग्लोबल धमाका, इंडिया में भी हिट (Photo: IMDB)
हॉलीवुड फिल्म 'ऑब्सेशन' का ग्लोबल धमाका, इंडिया में भी हिट (Photo: IMDB)

हॉलीवुड की हॉरर फिल्म ऑब्सेशन का इन दिनों दुनिया भर में तगड़ा भौकाल चल रहा है. बड़े स्टार्स, बड़े डायरेक्टर या बड़े बजट के बिना बनी इस फिल्म ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर ऐसा धमाका किया है कि बॉक्स ऑफिस पंडितों के मुंह खुले रह गए हैं.

इस हॉलीवुड फिल्म का बजट, इंडिया में धमाकेदार सक्सेस की कहानी लिखने वाली स्त्री (2018) के मुकाबले आधे से भी कम है. लेकिन ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर कमाई ऐसी है कि ये हॉलीवुड की बड़ी प्रोडक्शन्स को भी आंखें दिखा रही है. ऑब्सेशन का ये जलवा सिर्फ ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं, इंडिया में भी नजर आया. भारत में ऑब्सेशन ने बीते वीकेंड बॉक्स ऑफिस पर टिकीं सारी हिंदी फिल्मों से बेहतर कमाई की.

10 करोड़ से भी कम बजट में बनी ऑब्सेशन 

डायरेक्टर करी बार्कर (26 साल) की सुपरनेचुरल हॉरर फिल्म ऑब्सेशन 2026 की सबसे बड़ी सक्सेस स्टोरी बनकर उभर रही है. इस फिल्म का रिपोर्टेड बजट 750,000 डॉलर्स से 1 मिलियन डॉलर्स के बीच है. भारतीय रुपये में इसका बजट करीब 7 करोड़ रुपये से 9.5 करोड़ के बीच होगा. 

बता दें, 2018 में सरप्राइज धमाका करने वाली हिंदी हॉरर-कॉमेडी फिल्म स्त्री का बजट 20 करोड़ से 30 करोड़ के बीच रिपोर्ट किया गया था. किरण राव की लो-बजट फिल्म लापता लेडीज (2023) का बजट करीब 11 करोड़ रुपये, यानी ऑब्सेशन से ज्यादा था. इसके डायरेक्टर, 26 साल के करी बेकर ने यूट्यूब वीडियोज बनाकर फिल्ममेकिंग में हाथ आजमाना शुरू किया था और शॉर्ट फिल्में बनाकर सिनेमा कम्युनिटी को इंप्रेस कर दिया था. ऑब्सेशन  में लीड रोल करने वाले माइकल जॉन्सटन और इंडी नवेरेत्ती भी बड़े स्टार्स नहीं हैं. दोनों अभी टीवी से निकालकर फिल्मों में अपना नाम बनाने की जद्दोजहद में लगे हैं.  

Advertisement

शानदार डी‍ल, धमाकेदार कमाई

पिछले साल टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) के मिडनाइट मैडनेस सेक्शन में ऑब्सेशन का प्रीमियर हुआ था. एक महीने बाद ही यूएस की बड़ी फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में से एक, फोकस फीचर्स ने 14-15 मिलियन डॉलर (133 करोड़ से 142 करोड़ भारतीय रुपये) में ये फिल्म खरीद ली थी. TIFF के इतिहास में कोई जॉनर फिल्म इतनी महंगी नहीं बिकी थी.

माना जा रहा था कि 15 मई को रिलीज होने वाली ऑब्सेशन , नॉर्थ अमेरिकन (US + कनाडा) बॉक्स ऑफिस पर पहले वीकेंड में 8-10 मिलियन डॉलर की ओपनिंग बटोरेगी. लेकिन ट्रेड पंडितों को चौंकाते हुए ऑब्सेशन ने पहले दिन ही 7 मिलियन डॉलर्स (66 करोड़ इंडियन रुपये से ज्यादा) का रिकॉर्ड ओपनिंग कलेक्शन कर डाला. ओपनिंग वीकेंड में ही इसका कलेक्शन 17.2 मिलियन डॉलर्स (163 करोड़ भारतीय रुपये) से ज्यादा हो गया था. यानी फोकस फीचर्स ने जितने में ऑब्सेशन खरीदी थी, उससे ज्यादा कमाई ओपनिंग वीकेंड में ही आ गई.

ओपनिंग वीकेंड में ही ऑब्सेशन वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर टॉप 3 फिल्मों में शामिल हो गई थी. इसने माइकल जैक्सन की बायोपिक और द डेविल वियर्स प्राडा 2 जैसी बड़ी हॉलीवुड फिल्मों के सामने भी डटकर ऑडियंस जुटाई. बीता वीकेंड, बॉक्स ऑफिस पर ऑब्सेशन का तीसरा वीकेंड रहा और ये इस बार भी वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म बनी रही.

Advertisement

कॉमस्कोर के अनुसार, अबतक 17 दिनों में इसका टोटल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 148 मिलियन डॉलर, यानी 1400 करोड़ भारतीय रुपये से ज्यादा हो चुका है. मंडे कलेक्शन के साथ 9.5 करोड़ रुपये में बनी ऑब्सेशन का कलेक्शन, अपने बजट से करीब 150 गुना ज्यादा हो जाएगा.

ऑब्सेशन का इंडिया में भी धमाका

भारत के थिएटर्स में ऑब्सेशन की एंट्री बीते वीकेंड शुक्रवार को हुई. पहले दिन 900 से भी कम शोज के साथ इसने 1.75 करोड़ नेट कलेक्शन किया. डिमांड देखते हुए थिएटर्स ने शनिवार को शोज बढ़ाए तो कलेक्शन 2.75 करोड़ तक पहुंच गया. और संडे को करीब 1400 शोज के साथ ऑब्सेशन का नेट इंडिया कलेक्शन 3.25 करोड़ तक चला गया. बीते वीकेंड में ऑब्सेशन ने इंडिया में 7.7 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन किया.

इसी वीकेंड में अक्षय कुमार की भूत बंगला ने 2.45 करोड़, कृष्णावतारम ने 2.8 करोड़, चांद मेरा दिल ने 4.85 करोड़ और पति पत्नी और वो दो ने 5 करोड़ नेट कलेक्शन किया. जबकि वीकेंड में इन फिल्मों में से सबसे कम, 1400 शोज कृष्णावतारम को मिले थे. और चांद मेरा दिल के शोज की गिनती 2700 तक गई. इन फिल्मों के मुकाबले काफी कम शोज होने के बावजूद ऑब्सेशन ने इनसे काफी ज्यादा कलेक्शन किया. ये बताता है कि ग्लोबल बॉक्स ऑफिस ही नहीं, इंडिया में भी ऑब्सेशन के हॉरर का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement