scorecardresearch
 

अलविदा सलीम कुमार! राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, रो पड़ा सिनेमा जगत, फैंस ने दी श्रद्धांजलि

मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और नेशनल अवॉर्ड विजेता सलीम कुमार का 56 साल की उम्र में निधन हो गया. रविवार को उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई.

Advertisement
X
सलीम कुमार को उनके कॉमेडी रोल्स के लिए जाना जाता था (फाइल फोटो)
सलीम कुमार को उनके कॉमेडी रोल्स के लिए जाना जाता था (फाइल फोटो)

मलयालम सिनेमा के दिग्गज एक्टर और नेशनल अवॉर्ड विनर सलीम कुमार का रविवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. उनके अंतिम संस्कार में परिवार, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग, राजनीतिक नेता और बड़ी संख्या में फैंस शामिल हुए.

सलीम कुमार का शनिवार रात 56 साल की उम्र में निधन हो गया था. उनके पार्थिव शरीर को रविवार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक एर्नाकुलम जिले के परवूर टाउन हॉल में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसके बाद दोपहर 3 बजे उनके घर पर अंतिम संस्कार किया गया.

सरकार ने दी श्रद्धांजलि

केरल सरकार ने अपने बयान में कहा कि सलीम कुमार के निधन से पूरे राज्य को गहरा दुख पहुंचा है. सरकार ने उनके सम्मान में अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस सम्मान देने और उससे जुड़े सभी खर्च उठाने का फैसला किया. जिला कलेक्टर ने केरल सरकार की ओर से उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया. वहीं पुलिस विभाग ने बुगल सलामी समेत सभी राजकीय सम्मान की व्यवस्थाएं कीं.

Advertisement

सलीम कुमार मलयालम सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और प्रतिभाशाली कलाकारों में गिने जाते थे. उन्होंने कॉमेडी से लेकर गंभीर किरदारों तक हर भूमिका में अपनी अलग पहचान बनाई. उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है.

केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सलीम कुमार सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता ही नहीं, बल्कि उनके बेहद करीबी दोस्त भी थे. उन्होंने कहा- सलीम कुमार का चेहरा और उनकी अदाएं मलयाली लोग कभी नहीं भूल पाएंगे. मैंने अपने भाई जैसा एक इंसान खो दिया है. परवूर आने के बाद से मेरा और उनके परिवार का बहुत गहरा रिश्ता था.

मुख्यमंत्री ने ये भी बताया कि चुनाव के समय सलीम कुमार हमेशा उनके साथ खड़े रहते थे. कई बार वो शूटिंग तक छोड़कर चुनाव प्रचार में शामिल होते थे. उन्होंने कहा कि सलीम कुमार अपने राजनीतिक विचारों को लेकर भी बेहद स्पष्ट थे और आखिरी सांस तक कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े रहे.

पीएम मोदी शोक प्रकट किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सलीम कुमार के निधन पर दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- वरिष्ठ अभिनेता सलीम कुमार जी के निधन से बेहद दुखी हूं. अपने शानदार करियर में उन्होंने कई यादगार किरदार निभाए और अपनी बहुमुखी प्रतिभा से भारतीय सिनेमा में खास पहचान बनाई, इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं. ओम शांति!

Advertisement

सलीम कुमार ने तीन दशक से ज्यादा समय तक फिल्म इंडस्ट्री में काम किया और 300 से अधिक फिल्मों में नजर आए. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कॉमेडी रोल्स से की थी, लेकिन बाद में गंभीर और भावनात्मक किरदारों में भी खूब सराहना बटोरी.

साल 2010 में फिल्म 'Adaminte Makan Abu' के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड फॉर बेस्ट एक्टर मिला था. वहीं 'Achanurangatha Veedu' के लिए केरल स्टेट फिल्म अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था. 'Ayalum Njanum Thammil' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया. उन्होंने 'Karutha Joothan' का निर्देशन भी किया था. जानकारी के मुताबिक, निधन से पहले उन्हें शनिवार को कोच्चि के अमृता अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

सलीम कुमार अपने पीछे पत्नी सुनीथा और दो बेटे चंदू सलीम कुमार और आरोमल सलीम कुमार को छोड़ गए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement