यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विनर एल्विश यादव एक बार फिर से जनता की चर्चा का मुद्दा बन गए हैं. हाल ही में एल्विश ने सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का मजाक उड़ाना शुरू किया था. अब अपने मजाक को नए लेवल पर पहुंचाते हुए एल्विश ने खुद एक नई तथाकथित 'पार्टी' अनाउंस की है— खरगोश जनता पार्टी. अपनी नई पार्टी का पोस्टर शेयर करते हुए एल्विश ने सोशल मीडिया पर लिखा— 'सारे भाई जंतर-मंतर पहुंच जाओ. सबको फ्री गाजर मिलेगी!'
कुछ घंटों पहले ही अपने एक एक्स-पोस्ट में एल्विश ने कॉकरोच जनता पार्टी पर तंज किया था. उन्होंने इस पार्टी पर सटायर करते हुए इसके 'मैनिफेस्टो' के तीन पॉइंट बताए थे— 'सबको फ्री टुकड़े. कैबिनेट मीटिंग्स फ्रिज के पीछे. जीरो पारदर्शिता (उन्हें रोशनी से चिढ़ है).'
कुछ घंटों बाद उन्होंने लिखा कि वो कॉकरोच जनता पार्टी वालों से अब बहस नहीं करते क्योंकि 'बहस से ज्यादा पेस्ट-कंट्रोल' काम करता है. इसके बाद उन्होंने अपनी इस 'पार्टी' का पोस्टर भी शेयर किया, जिसपर उनका चेहरा था. गाजर खाता खरगोश इस पार्टी के झंडे पर है और 'मैनिफेस्टो' के तौर पर तीन चीजें लिखी हैं— 'गाजर हमारा हक है. स्पीड हमारी पहचान है. खरगोश एकता जिंदाबाद.' एल्विश ने अपनी इस पार्टी को एक मजेदार नारा भी दिया है— 'तेज दिमाग, लंबे कान, सबका विकास गाजर के साथ'.
एक यूजर ने एल्विश की इस 'पार्टी घोषणा' पर कमेंट करते हुए पूछा, 'नीट एग्जाम लीक का क्या? इकॉनमी के क्राइसिस का क्या?' तो एल्विश ने जवाब देते हुए कहा, 'खरगोश जनता पार्टी को सपोर्ट करिए. तुम्हें जो पेपर चाहिए उसको हम लीक करवा देंगे'.
एल्विश के इस तंज भरे तेवर पर एक दूसरे यूजर ने पोस्ट करते हुए लिखा कि अब तो वो ट्रोल करने लायक भी नहीं हैं. उन्हें यूट्यूब पर व्यूज नहीं मिलते, इंस्टाग्राम पर लाइक्स नहीं मिलते और 'वो यूट्यूब पर इस बारे में रोते नजर आते हैं'. इसके जवाब में एल्विश ने लिखा— ''ट्रोलिंग के लायक भी नहीं' आदमी का वीकली परफॉर्मेंस रिव्यू करने के लिए आपने काफी कमिटमेंट दिखाया है!'
एल्विश का करियर और लाइफ किसी भी तरफ हो, मगर इतना जरूर है कि कॉकरोच जनता पार्टी पर तंज करने का उनका ये तरीका लोगों को काफी मजेदार लग रहा है. हाल ही में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन करने वाली CJP आजकल काफी खबरों में है. इसे जनता से सपोर्ट और विरोध दोनों मिल रहा है. अब देखना है कि एल्विश के इस नए तंज पर जनता और खुद CJP का क्या रिस्पॉन्स रहता है.