scorecardresearch
 

स्पाइडर मैन के 'जाल' में भारत? इस सीक्रेट प्लान से कर रहा करोड़ों की कमाई

सोनी पिक्चर्स ने इस फिल्म को अमेरिका और बाकी वैश्विक बाजारों से एक दिन पहले 30 जुलाई को भारत में रिलीज कर दिया था. इस एक मास्टरस्ट्रोक ने भारतीय दर्शकों के भीतर FOMO यानी Fear of Missing Out पैदा किया. इसका मतलब है कि हर कोई सोशल मीडिया पर कंटेंट पोस्ट होने से पहले फिल्म को देख लेना चाहता था

Advertisement
X
भारत में कैसे हिट स्पाइडर-मैन? (Photo: IMDb)
भारत में कैसे हिट स्पाइडर-मैन? (Photo: IMDb)

'स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डे' को भारतीय सिनेमाघरों में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं. फिल्म के सिर्फ हिंदी वर्जन को ही नहीं बल्कि ओरिजिनल इंग्लिश वर्जन को भी खूब देखा जा रहा है. इससे पता चलता है कि स्पाइडर मैन का क्रेज अब सिर्फ बड़े मेट्रो शहरों तक ही नहीं रहा बल्कि छोटे शहरों और गांवों तक में इसका क्रेज बढ़ा है. 

स्पाइडर मैन सीरीज की इस लेटेस्ट फिल्म ने कमाई के मामले में पिछले तमाम रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. हर शो हाउसफुल है. लेकिन सवाल है कि क्या भीड़ को सिनेमाघरों तक खींच लाने के लिए क्या मार्केटिंग स्ट्रैटेजी अख्तियार की गई? भारत में स्पाइडर मैन का जादू शुरू से ही रहा है लेकिन इस बार मेकर्स ने प्रमोशन के लिए ऐसे अनोखे तरीके अपनाए हैं, जिसने बच्चों से लेकर युवाओं और हर वर्ग को थिएटर तक खींच लिया है. अब जान लेते हैं कि आखिर मेकर्स ने भारत में ऐसा क्या जादू चलाया कि फिल्म ने रिकॉर्डतोड़ कमाई कर ली.

आगे बढ़ने से पहले आप मेरी इस बात से जरूर सहमत होंगे कि स्पाइडर मैन को सबसे ज्यादा प्यार इसलिए मिला, क्योंकि मास्क के पीछे छिपा वह एक मिडिल क्लास नौजवान है. जो पढ़ाई, काम, परिवार, रिश्तों और जिम्मेदारियों को संभालते हुए बुराई को खत्म करने में जुटा है. 

Advertisement

भारत ने खोले सफलता के दरवाजे

सोनी पिक्चर्स (Sony Pictures) ने इस फिल्म को यूएस (US) और बाकी वैश्विक बाजारों से एक दिन पहले 30 जुलाई को ही भारत में रिलीज कर दिया था. इस एक मास्टरस्ट्रोक ने भारतीय दर्शकों के भीतर FOMO यानी Fear of Missing Out पैदा किया. इसका मतलब है कि हर कोई सोशल मीडिया पर कंटेंट पोस्ट होने से पहले फिल्म को देख लेना चाहता था और पहला शो देखकर खुद को सोशल मीडिया पर अपडेट रखना चाहता था. इसका सीधा फायदा एडवांस बुकिंग में मिला और पहले ही दिन फिल्म ने 60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया.

मार्केटिंग टीम यह बात अच्छी तरह जानती थी कि भारत में स्पाइडर मैन को हमेशा से एक मिडिल-क्लास सुपरहीरो माना जाता है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए फिल्म को छह भाषाओं अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में 2D और 3D में रिलीज किया गया. खास बात यह रही कि हिंदी डबिंग में आम बोलचाल की भाषा और लोकल पॉप कल्चर का जबरदस्त इस्तेमाल किया गया. डायलॉग्स इतने मजेदार और देसी रखे गए कि नॉर्थ और सेंट्रल इंडिया के सिनेमाघरों में लोग टूट पड़े.

एक्टर्स और क्रिकेटर्स के साथ Collab

साउथ में अपनी पैठ मजबूत करने के लिए सोनी ने कांतारा फेम ऋषभ शेट्टी को कैंपेन से जोड़ा. इस लोकल कॉलेबोरेशन से स्पाइडर मैन का जुड़ाव हर भाषा के दर्शक से सीधेतौर पर हो पाया. इसके अलावा बॉलीवुड स्टार्स ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म का प्रचार किया. इतना ही नहीं, फिल्म की उस कहानी को भुनाने के लिए जहां 'हर कोई पीटर पार्कर को भूल चुका है', मेकर्स ने भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव और केएल राहुल के साथ मजेदार वीडियो बनाए. इन फनी वीडियोज में फैंस ऐसा बर्ताव कर रहे थे जैसे वे खुद इन बड़े क्रिकेट सितारों को पहचानते ही न हों. 

Advertisement

मुंबई-दिल्ली की सड़कों से लेकर स्कूलों के बाहर तक प्रचार

फिल्म को सिर्फ बड़े पर्दों तक सीमित नहीं रखकर जमीन पर उतारा गया. दिल्ली और मुंबई की सड़कों पर चलती कारों को स्पाइडर मैन के आर्टवर्क से पूरी तरह रैप किया गया. इसके अलावा, स्कूलों के बाहर स्पाइडर मैन का प्रचार करती हुई खास कैब दिखाई दीं, जिसने बच्चों का ध्यान तुरंत अपनी ओर खींच लिया. मुंबई में एक विशालकाय 3D बिलबोर्ड लगाया गया, जिसमें स्पाइडर मैन स्क्रीन से बाहर कूदकर गाड़ी को रोकता हुआ दिखता था.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

फिल्म देखने का एक्सपीरियंस सिर्फ मूवी हॉल के अंदर तक सीमित नहीं था. आइनॉक्स और पीवीआर (PVR/INOX) जैसे मल्टीप्लेक्स में 3D फोटो-ऑप्स (Photo-Ops) और इंटरैक्टिव स्पाइडर वेब इंस्टॉलेशन (जाले के सेटअप) लगाए गए थे. हॉल में घुसने से पहले ही दर्शकों को एक सोशल मीडिया मोमेंट मिल जाता था. बच्चे और युवा स्पाइडर मैन के जाले के साथ फोटो खिंचवाकर तुरंत इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर रहे थे, जिससे बेहद प्रभावशाली पब्लिसिटी कैंपेन चलता गया.

सोशल मीडिया और रील्स पर छाया ट्रेंड

इस फिल्म में कोई बॉलीवुड स्टाइल गाना नहीं है, फिर भी सोशल मीडिया पर इसका अलग ही जलवा देखने को मिल रहा है. इंस्टाग्राम से लेकर फेसबुक तक रील्स पर स्पाइडर मैन के एक्शन और इमोशनल सीन्स के साथ ट्रेंडिंग बॉलीवुड गानों को जोड़कर वीडियो शेयर किए गए. यह यूजर जनरेटेड कंटेंट इतना वायरल हुआ कि जिन लोगों का प्लान नहीं भी था, वे भी माहौल देखकर थिएटर्स तक पहुंच गए.

Advertisement

कुल मिलाकर स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डे ने इंडियन सिनेमा के मेकर्स को प्रमोशन का एक अलग स्टाइल सिखाया है. उन्होंने बता दिया कि अगर कंटेंट अच्छा हो और जमीन पर इसका प्रचार हर वर्ग तक पहुंचे तो फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म कर सकती है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement