माइकल जैक्सन के लिए क्रेजी रह चुकी इंडियन जनता, उनकी बायोपिक माइकल देखने के लिए भी जमकर उमड़ रही है. रिलीज से पहले हुए पेड प्रीव्यूज में ही इंडियन जनता ने दिखा दिया था कि वो माइकल के लिए कितने क्रेजी हैं. प्रीव्यू शोज से ही इंडियन बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करने वाली माइकल ने अब पहला वीकेंड पूरा कर लिया है. अपने हिस्से आई लिमिटेड स्क्रीन्स पर ही माइकल ने इतना तगड़ा वीकेंड कलेक्शन कर लिया है कि ये इंडिया में हिट होने के लिए तैयार है.
माइकल का इंडिया कलेक्शन
गुरुवार को हुए प्रीव्यू शोज में ही माइकल ने करीब 1.70 करोड़ नेट कलेक्शन किया था. शुक्रवार को ऑफिशियल रिलीज वाले दिन 3.70 करोड़ कमाने वाली इस फिल्म ने शनिवार को करीब 40% का जंप लिया और 5 करोड़ से ज्यादा कमाई की. अब सैकनिल्क के आंकड़े बताते हैं कि माइकल ने संडे को इंडिया में फिर जंप लिया और कलेक्शन 5.5 करोड़ रुपये हुआ है. यानी प्रीव्यू शोज को मिलाकर, पहले वीकेंड में माइकल ने 16 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है.
क्यों दमदार है माइकल का इंडिया कलेक्शन?
बॉक्स ऑफिस का खेल सिर्फ कलेक्शन के आंकड़ों से नहीं तय होता, स्क्रीन और शोज की गिनती भी मायने रखती है. साल की सबसे बड़ी इवेंट फिल्मों जैसे अवेंजर्स या मार्वल सिनेमेटिक यूनिवर्स (MCU) के अलावा, हॉलीवुड फिल्मों की इंडिया में रिलीज स्ट्रेटेजी बहुत स्पष्ट रहती है— मेकर्स बहुत ज्यादा स्क्रीन्स टारगेट नहीं करते. अर्बन इलाकों की स्क्रीन्स को टारगेट करते हैं, जहां इंग्लिश फिल्मों की ऑडियंस है.
हॉलीवुड की नॉन-इवेंट फिल्मों में, माइकल सबसे बड़ी इंडियन रिलीज वाली फिल्मों में से एक है. इसे इंडिया में करीब 1000 स्क्रीन्स मिली हैं और शुक्रवार से रविवार तक इंडियन थिएटर्स में इसके शोज की गिनती 3000 से 3200 तक रही. तुलना के लिए देखें तो अक्षय कुमार की भूत बंगला को दूसरे वीकेंड में हर दिन 9000 से ज्यादा शोज मिले. लेकिन अपने हिस्से की लिमिटेड स्क्रीन्स पर माइकल ने लगातार दमदार कलेक्शन किया है.
इस फिल्म की सक्सेस को एक और बात बहुत बड़ी बनाती है— इंडिया में ये फिल्म सिर्फ इंग्लिश में रिलीज हुई है, हिंदी या किसी और रीजनल लैंग्वेज में नहीं. इसके बावजूद माइकल का पहले वीकेंड में 16 करोड़ कमा लेना बताता है कि जनता को ये फिल्म पसंद आ रही है. इस कलेक्शन के साथ माइकल को अभी से हिट माना जा सकता है.
माइकल के लिए पब्लिक का वर्ड ऑफ माउथ बहुत पॉजिटिव है, जो इसे हफ्ते के बीच में भी पावरफुल बनाए रखेगा. वर्किंग डेज़ में अगर माइकल ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर पैर जमा लिए, तो ये इंडिया में हॉलीवुड की अगली बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित होगी.