scorecardresearch
 

AI ने छीना स्टारडम! कभी हीरो बनकर कमाता था लाखों, अब सब्जी बेचने को मजबूर हुआ एक्टर

चीन के मशहूर एक्टर शू पेंग की जिंदगी AI की वजह से बदल गई, शॉर्ट ड्रामा में काम बंद होने के बाद अब वो अपने दादाजी के साथ बाजार में सब्जियां बेच रहे हैं.

Advertisement
X
सड़कों पर सब्जियां बेच रहा ये एक्टर कौन? (Photo: FB Screengrab)
सड़कों पर सब्जियां बेच रहा ये एक्टर कौन? (Photo: FB Screengrab)

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का असर अब सिर्फ टेक्नोलॉजी तक ही नहीं, बल्कि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर भी साफ दिखाई देने लगा है. चीन के मशहूर एक्टर शू पेंग (Xu Peng) की कहानी इसका सबसे बड़ा उदाहरण बन गई है. जो एक्टर कभी कैमरे के सामने हीरो बनकर लाखों दिलों पर राज करता था, आज वही अपने गांव के बाजार में दादाजी के साथ सब्जियां बेचता नजर आ रहा है.

AI की एंट्री और बदल गई किस्मत

30 साल के शू पेंग ने चीन की प्रतिष्ठित सेंट्रल एकेडमी ऑफ ड्रामा से पढ़ाई की थी. शुरुआत में उन्होंने टीवी सीरियल्स में काम किया, लेकिन बाद में शॉर्ट ड्रामा इंडस्ट्री में कदम रखा. यहां उनकी किस्मत ऐसी चमकी कि उन्हें लगातार लीड रोल मिलने लगे.

एक समय ऐसा था जब शू पेंग दिन में 15-16 घंटे तक शूटिंग करते थे. उनके पास काम की कोई कमी नहीं थी. लेकिन साल 2026 में तस्वीर पूरी तरह बदल गई. 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन में रिलीज होने वाले ज्यादातर नए शॉर्ट ड्रामा अब AI की मदद से बनाए जा रहे हैं. पहले तीन महीनों में रिलीज हुए लगभग 1.28 लाख शॉर्ट ड्रामा में से 95% से ज्यादा AI से तैयार किए गए थे. इस बदलाव का सबसे बड़ा असर कलाकारों पर पड़ा और शू पेंग के पास भी काम आना बंद हो गया.

Advertisement

अब बाजार में बेच रहे हैं सब्जियां

आखिरी शॉर्ट ड्रामा पूरा करने के बाद शू पेंग फिल्म इंडस्ट्री के बड़े सेंटर हेंगडियन को छोड़कर अपने गांव लौट आए. अब वो हर सुबह परिवार की इलेक्ट्रिक गाड़ी से बाजार पहुंचते हैं और अपने दादाजी के साथ ताजी सब्जियां बेचते हैं. उन्हें इस हाल में देखकर रिश्तेदार भी हैरान रह गए. हालांकि, कई फैंस आज भी उनसे मिलने बाजार पहुंचते हैं और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं.

चाइनीज मीडिया के मुताबिक शू पेंग का कहना है कि एक्टिंग सिर्फ उनका एक पेशा था. अगर एक्टिंग का काम नहीं है तो वो कोई और काम करके ईमानदारी से अपनी जिंदगी चलाएंगे. उन्होंने कहा- जब तक मैं अपनी मेहनत से ईमानदारी की कमाई कर रहा हूं, मुझे किसी बात का अफसोस नहीं है. पेशा बदल सकता है, लेकिन इंसान वही रहता है.

शू पेंग की कहानी अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. उनके वीडियोज खूब वायरल हो रहे हैं. कई लोग इसे AI के बढ़ते असर का नतीजा बता रहे हैं, तो कई उनके जज्बे और मेहनत की तारीफ कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement