
डिजिटल पर्दे पर अब कहानियों का मिजाज बदल रहा है. सस्पेंस, ड्रामा और देसी तड़के के शौकीनों के लिए Zee5 और SonyLIV पर कई दमदार वेब सीरीज और फिल्में मौजूद हैं, जो आपकी छुट्टी को एंटरटनमेंट से भर देंगी. अगर आप भी वीकेंड पर थ्रिलर और कॉमेडी के बीच कुछ बेहतरीन तलाश रहे हैं, तो इन सीरीज और फिल्मों के 'देसी तड़के' को बिल्कुल मिस न करें.
Zee5 पर देखें ये फिल्में और सीरीज..
छल कपट (Chhal Kapat)
यह एक मर्डर मिस्ट्री सीरीज है, जो एक डेस्टिनेशन वेडिंग के दौरान शुरू होती है. शादी की खुशियों के बीच एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की संदिग्ध मौत हो जाती है. इस केस को सुलझाने की जिम्मेदारी एसपी देविका राठौर को दी जाती है. जांच के दौरान बचपन के दोस्तों के बीच दबे हुए राज और कड़वाहट सामने आती है. अगर आपको क्लासिकल कंटेंट पसंद है, जिसमें अंत तक कातिल का पता लगाना मुश्किल होता है, तो यह सीरीज आपको पसंद आएगी. यह आपको सस्पेंस के साथ-साथ घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों की गहराई से रूबरू कराएगी.
कास्ट: श्रेया पिलगांवकर, रागिनी द्विवेदी और प्राणय पचौरी
IMDb रेटिंग: 4.7

बकैती (Bakaiti)
यह एक हल्की-फुल्की फैमिली ड्रामा और कॉमेडी सीरीज है. कहानी कटारिया परिवार की है, जो आर्थिक तंगी से जूझ रहा है. इस संकट से निकलने के लिए घर का मुखिया अपने पुश्तैनी घर का एक कमरा किराए पर देने का फैसला करता है. नया किराएदार आने के बाद घर में जो हलचल और हंसी-मजाक शुरू होता है, वही इस सीरीज की जान है. यह सीरीज मिडिल क्लास परिवार की रोजमर्रा की नोक-झोंक और उनके आपसी प्यार को बहुत ही सादगी से दिखाती है. अगर आप 'पंचायत' या 'गुल्लक' जैसा फैमिली और दिल को छू लेने वाला कंटेंट देखना पसंद करते हैं, तो यह आपके लिए एक परफेक्ट वॉच है.
कास्ट: राजेश तैलंग, शीबा चड्ढा और तान्या शर्मा
IMDb रेटिंग: 7.0

बिच्छू का खेल (Bichhoo Ka Khel)
यह वाराणसी (बनारस) की गलियों में बुनी गई एक रिवेंज ड्रामा सीरीज है. कहानी अखिल श्रीवास्तव (दिव्येंदु शर्मा) की है, जो अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए एक मशहूर वकील की हत्या कर देता है. वो खुद पुलिस के सामने सरेंडर करता है और अपनी कहानी सुनाता है, जिसमें वो सिस्टम को खुली चुनौती देता है. इस सीरीज में 80 के दशक की मसाला फिल्मों वाला वाइब है. दिव्येंदु शर्मा के वन-लाइनर्स बोलने का अंदाज और उनकी शानदार कॉमिक टाइमिंग इसे बेहद मनोरंजक बनाती है. अगर आप क्राइम थ्रिलर के साथ थोड़ा 'देसी तड़का' और मजेदार डायलॉग्स पसंद करते हैं, तो इसे जरूर देखें.
कास्ट: दिव्येंदु शर्मा, अंशुल चौहान, राजेश शर्मा और जीशान कादरी
IMDb रेटिंग: 7.0

Sonyliv पर देखें ये फिल्में
सितारे जमीन पर (Sitare Zameen Par)
यह फिल्म एक बास्केटबॉल कोच (आमीर खान) की कहानी है, जिसे कानूनी सजा के तौर पर खास जरूरतों वाले खिलाड़ियों की एक टीम को ट्रेनिंग देनी पड़ती है. मजबूरी में कोच को ना चाहते हुए भी ये काम करना पड़ा है. लेकिन जैसे-जैसे कोच इन खिलाड़ियों के साथ समय बिताता है, उसे जिंदगी के असली मायने समझ आते हैं. यह फिल्म 'तारे जमीन पर' की तरह ही दिल को छू लेने वाली इंस्पायरिंग कहानी है. यह इंसानी जज्बे को बहुत खूबसूरती से दिखाती है.
कास्ट: आमीर खान, जेनेलिया डिसूजा

IMDb रेटिंग: 6.9
सैल्यूट (Salute)
यह एक सस्पेंस पुलिस ड्रामा है, जिसकी कहानी सब-इंस्पेक्टर अरविंद करुणाकरण के इर्द-गिर्द घूमती है. कहानी तब मोड़ लेती है जब अरविंद को पता चलता है कि उसके विभाग और बड़े भाई (जो खुद एक पुलिस अधिकारी हैं) ने एक पुराने केस में एक निर्दोष व्यक्ति को गलत तरीके से फंसाया है. अगर आप पुलिस व्यवस्था के अंदर की राजनीति वाली कहानियां पसंद करते हैं, तो यह आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन है. यह कहानी आपको यह सोचने पर मजबूर कर देती है कि क्या व्यवस्था के खिलाफ जाकर सच का साथ देना आसान है.

कास्ट: दुलकर सलमान और डायना पेंटी
IMDb रेटिंग: 7.0