दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. इस बीच अब बॉलीवुड के बड़े सितारे भी सोशल मीडिया पर लोगों के निशाने पर आ गए हैं. वजह उनकी कोई फिल्म या बयान नहीं, बल्कि उनकी चुप्पी है.
कटघरे में विराट-अनुष्का
सबसे पहले बात करते हैं विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की. बुधवार को दोनों वृंदावन में प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन करने पहुंचे. उनके वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए तो कुछ यूजर्स ने सवाल उठाने शुरू कर दिए. लोगों का कहना था कि जब देशभर में छात्र सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं, तब दोनों ने इस मुद्दे पर कुछ क्यों नहीं कहा?
कई यूजर्स ने विराट को याद दिलाया कि वह खुद दिल्ली के रहने वाले हैं. कुछ ने लिखा कि अगर वह भारत में हैं तो जंतर-मंतर जाकर छात्रों का हौसला भी बढ़ा सकते थे. सोशल मीडिया पर ऐसे कई कमेंट देखने को मिले जिनमें लोगों ने विराट और अनुष्का से छात्रों के समर्थन में आवाज उठाने की अपील की.
कटरीना कैफ के फैन ने उठाया बड़ा कदम
वहीं कटरीना कैफ भी इस विवाद से अछूती नहीं रहीं. उनके एक पुराने फैन पेज ने एक्ट्रेस की चुप्पी से नाराज होकर बड़ा फैसला ले लिया. करीब 70 हजार फॉलोअर्स वाले इंस्टाग्राम पेज 'katholic_fans' के एडमिन ने ऐलान किया कि वह अब यह फैन पेज बंद कर रहे हैं.
पोस्ट में लिखा गया कि वह बचपन से कटरीना के फैन रहे हैं, लेकिन जब देश के छात्र अपने हक के लिए लड़ रहे हैं, तब एक्ट्रेस ने एक शब्द भी नहीं कहा. इसलिए अब वह उनका समर्थन नहीं करना चाहते. इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. कुछ लोगों ने फैन के फैसले का समर्थन किया, जबकि कई यूजर्स ने कहा कि किसी भी सेलिब्रिटी को यह तय करने का पूरा अधिकार है कि वह किस मुद्दे पर अपनी राय रखे और किस पर नहीं.
FTII में आर. माधवन भी बने निशाना
उधर एक्टर और FTII के चेयरमैन आर. माधवन भी छात्रों के गुस्से से नहीं बच पाए. सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें उनके ऑफिस के बाहर 'गायब' वाला मीम चिपकाया गया था. साथ ही 'NEET For Sale' का पोस्टर भी लगाया गया था, जो कथित पेपर लीक विवाद की तरफ इशारा करता है. यह तस्वीर वायरल होते ही कई लोगों ने माधवन से इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखने की मांग की.
इन सितारों ने खुलकर दिया छात्रों का साथ
जहां कुछ सितारों की चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं बॉलीवुड के कई कलाकार खुलकर छात्रों के समर्थन में सामने आए हैं. शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, रितेश देशमुख, सोनू सूद, सोनाक्षी सिन्हा और प्रकाश राज जैसे कलाकार छात्रों की मांगों पर अपनी चिंता और समर्थन जाहिर कर चुके हैं.
अब सोशल मीडिया पर बहस सिर्फ NEET विवाद तक सीमित नहीं रही, बल्कि इस बात पर भी छिड़ गई है कि क्या बड़े सितारों को ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर अपनी राय रखनी चाहिए या फिर चुप रहने का फैसला भी उनका व्यक्तिगत अधिकार है.