scorecardresearch
 

Vashu Bhagnani vs David Dhawan: '27 करोड़ का हुआ घाटा', डेविड-वरुण धवन पर भड़के वाशु भगनानी, 'चोरी' के लगाए आरोप

वरुण धवन की अपकमिंग फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है. दिग्गज प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने फिल्म के मेकर्स पर गाने और कहानी चुराने का आरोप लगाया है. मामला कोर्ट तक पहुंच गया है.

Advertisement
X
डेविड धवन से नाराज वाशु भगनानी
डेविड धवन से नाराज वाशु भगनानी

बॉलीवुड के दो बड़े दिग्गज वाशु भगनानी और डेविड धवन के बीच की सालों पुरानी दोस्ती अब कानूनी अखाड़े में बदल चुकी है. वरुण धवन की नई फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' का ट्रेलर रिलीज होते ही यह विवाद और ज्यादा बढ़ गया है. दिग्गज प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने एक वीडियो जारी कर मेकर्स के सेटलमेंट के दावों को 'सफेद झूठ' करार दिया है. वाशु भगनानी का आरोप है कि कोर्ट में मामला होने के बावजूद धवन फैमिली और रमेश तौरानी ने उनकी फिल्म 'बीवी नंबर 1' का आइकॉनिक गाना 'चुनरी चुनरी' अपनी फिल्म में बिना इजाजत इस्तेमाल कर लिया है. गानों की इस हेराफेरी से लेकर 'कुली नंबर 1' में हुए 27 करोड़ के नुकसान तक, वाशु भगनानी ने डेविड और वरुण धवन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. 

विवाद पर क्या बोले वाशु भगनानी?

हाल ही में हुई एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में वाशु भगनानी ने खुलकर वरुण और डेविड धवन पर निशाना साधा. दिग्गज प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने शुक्रवार को वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े की आने वाली फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में आइकॉनिक गाने 'चुनरी चुनरी' को दोबारा इस्तेमाल किए जाने और फिल्म की कहानी पर नाराजगी जताई. इस फिल्म का निर्देशन डेविड धवन कर रहे हैं और इसे टिप्स कंपनी के रमेश तौरानी प्रोड्यूस कर रहे हैं. 

वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में वाशु भगनानी ने मीडिया संग बातचीत में कहा- मैंने डेविड जी से कहा था कि मैं 'बीवी नंबर 1' का सीक्वल बनाना चाहता हूं. साल 2020 में आई 'कुली नंबर 1' बनाने में हमें करीब 27 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. मैं तो सिर्फ नाम का प्रोड्यूसर था. फिल्म के प्रोडक्शन और खर्चों का पूरा काम खुद डेविड जी ने ही संभाला था. मैंने डेविड जी को वो फिल्म बनाने के लिए लगभग 70 करोड़ रुपये दिए थे, जो वो डिजर्व भी नहीं करते हैं. 

Advertisement

उस वक्त कोविड का टाइम चल रहा था. डेविड जी ने मुझसे कहा था- आपका जो भी नुकसान हुआ है हम आगे चलकर उसे देख लेंगे. चलिए 'बीवी नंबर 1' शुरू करते हैं.' उसी के मुताबिक, हमने 6 महीने तक 'बीवी नंबर 1' पर काम भी किया. फिर एक दिन, रोहित धवन ने मुझसे कहा कि स्क्रिप्ट अभी तैयार नहीं है. यह क्रिएटिव काम है, इसलिए मैंने भी जल्दबाजी नहीं की. मैंने सोचा आराम से पिक्चर बनाते हैं. 

वाशु भगनानी ने कहा कि उन्होंने डेविड धवन को फोन करके अपनी फिल्म 'बीवी नंबर 1' के गाने 'चुनरी चुनरी' को 'है जवानी तो इश्क होना है' में इस्तेमाल करने को लेकर बात की थी. वाशु बोले- 3 महीने बाद मुझे पता चला कि रमेश तौरानी और डेविड धवन ने एक फिल्म बनाने के लिए हाथ मिला लिया है. मुझे थोड़ा बुरा लगा, लेकिन फिर मुझे एहसास हुआ कि मैं उन्हें रोक नहीं सकता. एक साल बाद, मैंने देखा कि 'चुनरी चुनरी' गाना उन्होंने अपनी फिल्म में ले लिया था. मैंने डेविड धवन को फोन करके पूछा था- आप ऐसा कैसे कर सकते हैं?

वाशु आगे बोले- हमनें 'बीवी नंबर 1' के ऑडियो राइट्स टिप्स कंपनी को बेचे थे. वो लोग बदमाशी करके इसका वीडियो चला रहे थे. वो हमसे मिलने तक को तैयार नहीं थे. हमने कोर्ट में एक लेटर जमा किया, जिसके बाद कोर्ट ने हमें 'यथास्थिति' यानी जैसा है वैसा ही रखने का आदेश दिया. डेविड धवन हमारी ही फिल्म का गाना अपने बेटे की फिल्म में कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं, वो भी रमेश तौरानी के प्रोडक्शन के लिए? इंडस्ट्री में कुछ नियम-कायदे होने चाहिए. माना कि रमेश तौरानी ने पैसे दिए हैं, लेकिन आप मेरे प्रोडक्शन का गाना दोबारा नहीं बना सकते. कम से कम उन्हें मुझे फोन करके यह तो कहना चाहिए था, 'वाशु जी, मैं वही गाना अपने बेटे के लिए इस्तेमाल कर रहा हूं. मुझे उम्मीद है कि आपको कोई आपत्ति नहीं होगी. प्लीज सपोर्ट करें.  मैं उन्हें एनओसी (NOC) दे देता और मुझे कोई आपत्ति भी नहीं होती. 

Advertisement

27 करोड़ के नुकसान पर बोले वाशु

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, वाशु भगनानी ने 'कुली नंबर 1' के बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होने के बाद हुए नुकसान पर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा- कुली नंबर 1' में मुझे 27 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था. वरुण ने तो कभी यह जानने की कोशिश तक नहीं की कि अंकल का नुकसान हुआ है, तो इसकी भरपाई कौन करेगा?

ट्रेलर लॉन्च के बाद बढ़ा विवाद

'है जवानी तो इश्क होना है' का ट्रेलर रिलीज होने के एक दिन बाद, वाशु भगनानी ने खुद रिकॉर्ड करके एक वीडियो जारी किया है. इस वीडियो में उन्होंने फिल्म के मेकर्स के बयानों पर पलटवार किया है. दिग्गज प्रोड्यूसर ने यह साफ कर दिया है कि साल 1999 में आई उनकी फिल्म 'बीवी नंबर 1' के गानों को दोबारा बनाने को लेकर चल रहे विवाद में सेटलमेंट के लिए अभी तक किसी ने भी उनसे कोई संपर्क नहीं किया है.

वीडियो में वाशु भगनानी बोले- मेरी एक बहुत बड़ी फिल्म है 'बीवी नंबर 1', जिसके गाने चुराए गए हैं. इसलिए कल हमने इसे लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी और मैंने वहां बिल्कुल साफ कर दिया था कि मैंने इसके विजुअल राइट्स किसी को नहीं दिए हैं. मैंने साफ कहा है कि कोई भी इसका इस्तेमाल न करे. यह मामला अभी अदालत में है और अगर कोई भी इसे इस्तेमाल करता है या चलाता है, तो यह कोर्ट की अवमानना होगी. 

Advertisement

वाशु भगनानी ने आगे कहा- आज सुबह मैंने इस फिल्म का थियेट्रिकल ट्रेलर लॉन्च देखा. वहां पूरी प्रेस और पब्लिक के सामने मेकर्स कह रहे हैं कि हमारी सेटलमेंट हो गई है, हमारी बात हो गई है, हमारे पास सब कुछ है. आपने किससे बात की? मालिक तो मैं हूं, मुझे तो अभी तक किसी का फोन नहीं आया. न कोई वॉट्सऐप आया, न कोई और मैसेज. इमोशनली या लीगली किसी ने भी मुझसे बात नहीं की. मामला अदालत में चल रहा है, उसके बावजूद वो खुलेआम झूठ बोल रहे हैं और ट्रेलर-गाने रिलीज कर रहे हैं.

बता दें कि डेविड धवन के डायरेक्शन में बन रही फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' 5 जून को रिलीज होने वाली है. इसमें वरुण धवन, मृणाल ठाकुर, पूजा हेगड़े लीड रोल में हैं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement