मशहूर सिंगर नीति मोहन और कोरियोग्राफर शक्ति मोहन, मुक्ति मोहन के पिता बृज मोहन शर्मा का निधन हो गया है. उन्होंने 15 अक्टूबर को 74 साल की उम्र में आखिरी सांस ली. नीति मोहन ने सोशल मीडिया पर पिता की मौत की खबर शेयर की. इंस्टाग्राम पोस्ट में सिंगर ने पिता के जाने के दुख बयां किया है. बॉलीवुड के तमाम एक्टर्स और सिंगर ने उनके पिता के निधन पर दुख जताया है.
नहीं रहे नीति मोहन के पिता
रविवार को नीति मोहन ने अपने स्वर्गीय पिता की तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की और उनके निधन की पुष्टि की. सिंगर ने दुख व्यक्त करते हुए एक भावुक नोट भी लिखा. उन्होंने लिखा, "गहरे दुख और भारी दिल के साथ हमें अपने प्यारे पिता, श्री बृज मोहन शर्मा के निधन की खबर शेयर करने का दुख है. वो 15.10.2026 को इस दुनिया को अलविदा कह गए. एक प्यारे पति और पिता, एक मार्गदर्शक और हमारे परिवार के स्तंभ. उनकी बुद्धिमत्ता, दयालुता, मूल्य और बेशर्त प्यार हमेशा हमारे दिलों में रहेगा."
आगे उन्होंने लिखा, "हालांकि वो अब हमारे साथ नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद, सिखाए हुए सबक और खूबसूरत यादें हमारे पूरे जीवन में हमें मार्गदर्शन देती रहेंगी. उनके जाने से एक ऐसा खालीपन छूट गया है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन उनका प्यार हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेगा. उनकी आत्मा को शांति मिले. हमें आपकी बहुत याद आएगी पापा."
सेलेब्स ने जताया दुख
श्रेया घोषाल, कपिल शर्मा, वरुण धवन जैसे तमाम सेलेब्स ने नीति की पोस्ट पर उनके पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया. पलक मुच्चल और बोस्को मार्टिस भी मोहन परिवार के दुख में उनके साथ खड़े दिखे.
बता दें, नीति मोहन की तीन बहनें और हैं. उनकी दो बहनें शक्ति और मुक्ति मोहन बॉलीवुड की जानी-मानी कोरियोग्राफर बन चुकी हैं. वहीं चौथी बहन कृति मोहन लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं. मोहन सिस्टर्स ने हमेशा कहा है कि उन्हें आगे बढ़ाने में उनके पेरेंट्स का अहम योगदान है. उन्होंने कभी बेटियों को आगे बढ़ने से नहीं रोका.