शक्ति मोहन (Shakti Mohan) भारतीय डांसर, कोरियोग्राफर और टेलीविजन पर्सनैलिटी हैं. उन्होंने साल 2010 में ज़ी टीवी के डांस रियलिटी शो "डांस इंडिया डांस सीजन 2" का खिताब जीतकर पहचान बनाई. इस शो में जीत के बाद उन्होंने मनोरंजन और डांस इंडस्ट्री में लगातार काम किया और कई टीवी कार्यक्रमों, फिल्मों और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ीं.
शक्ति मोहन ने वर्ष 2012 और 2013 के लिए डांस थीम पर आधारित कैलेंडर तैयार किए. इसके बाद वह डांस पर आधारित टीवी सीरियल "दिल दोस्ती डांस" में मुख्य किरदार के रूप में नजर आईं. इसी दौरान उन्होंने संगीतकार मोहम्मद फैरूज के साथ न्यूयॉर्क में बीबीसी समर्थित एक डांस प्रोजेक्ट पर भी काम किया.
साल 2013 में शक्ति मोहन ने अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया, जहां उन्होंने डांस सीखने और सिखाने से जुड़े वीडियो शेयर किए. वर्ष 2014 में वह डांस रियलिटी शो "झलक दिखला जा" में प्रतियोगी के रूप में शामिल हुईं और फाइनल तक पहुंचीं.
इसके बाद शक्ति मोहन डांस प्रतियोगिता आधारित रियलिटी शो "डांस प्लस" के शुरुआती सीजन से लेकर कई सीजन तक जज और मेंटर की भूमिका में दिखाई दीं. उन्होंने "डांस सिंगापुर डांस" में भी जज की जिम्मेदारी निभाई.
बॉलीवुड में कोरियोग्राफर के रूप में शक्ति मोहन का पहला गीत फिल्म "पद्मावत" का "नैनोवाले ने" था. इसके बाद उन्होंने फिल्म "शमशेरा" में रणबीर कपूर पर फिल्माए गए एक गीत की कोरियोग्राफी की, जो वर्ष 2022 में रिलीज हुई. वर्ष 2020 में वह लोरियल पेरिस के एक कैंपेन का भी हिस्सा रहीं.
शक्ति मोहन कई म्यूजिक वीडियो जैसे "कमली", "अंख लड़ जावे नृत्य जैम", "कान्हा रे", "आखरी बार", "द चमिया सॉन्ग" और "सातों जनम" में भी नजर आ चुकी हैं. उन्होंने अपने डांस प्रोडक्शन ब्रांड "नृत्यशक्ति" के तहत यूट्यूब पर "ब्रेक अ लेग" के दो सीजन भी तैयार किए. शक्ति मोहन गायिका नीति मोहन की छोटी बहन और डांसर व अभिनेत्री मुक्ति मोहन की बड़ी बहन हैं. तीनों बहनों ने साथ मिलकर एक डांस म्यूजिक वीडियो में भी काम किया है.
शक्ति कई बार अपनी निजी जिंदगी के बारे में इंटरव्यूज और पॉडकास्ट में बता चुकी हैं. आज वो जिस मुकाम पर हैं, वहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने बहुत कुछ सहा है.