मुंबई के गोरेगांव फिल्म सिटी से नितेश तिवारी की मच-अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ को लेकर बड़ी खबर सामने आई. फिल्म के शूटिंग सेट पर सोमवार को अचानक आग लग गई. आग लगते ही सेट से धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. राहत की बात है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
जानकारी के मुताबिक, आग प्राइम फोकस स्टूडियो के पीछे रिलायंस मीडिया वर्क्स के पास बनाए गए अस्थायी सेट के PCR यूनिट में लगी थी. यह यूनिट करीब 100x20 फीट के इलाके में बना हुआ था. फायर ब्रिगेड की जानकारी के अनुसार आग इलेक्ट्रिक वायरिंग, इलेक्ट्रिक इंस्टॉलेशन, केबल, दरवाजों, लकड़ी के प्लैंक, AC यूनिट्स, बांस, प्लास्टिक सामग्री, साउंड सिस्टम और शूटिंग से जुड़े सामान तक फैल गई थी. आग को शाम 4:55 बजे तक बुझा दिया गया.
सेट को हुआ नुकसान, आज की शूटिंग हुई सस्पेंड
आग लगने के बाद फिल्म की शूटिंग को फिलहाल रोक दिया गया है. आज होने वाली शूटिंग भी सस्पेंड कर दी गई. आग के कारण सेट के एक हिस्से में मौजूद इलेक्ट्रिकल सामान और शूटिंग से जुड़ी कई चीजों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, अभी तक कुल नुकसान कितना हुआ है, इसका आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है.
‘रामायण’ को लेकर लंबे समय से जबरदस्त बज बना हुआ है. रणबीर कपूर फिल्म में भगवान राम की भूमिका में नजर आने वाले हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं. फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और नमित मल्होत्रा इसके प्रोडक्शन से जुड़े हैं. ऐसे में शूटिंग सेट पर आग लगने की खबर ने फिल्म को लेकर फैंस की चिंता बढ़ा दी है.
फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही है कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. आग किस वजह से लगी और सेट को कितना आर्थिक नुकसान हुआ, इसे लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है. शूटिंग दोबारा कब शुरू होगी, यह भी फिलहाल साफ नहीं है.
रिएलिटी शोज को भी आग से नुकसान
इसी के साथ रिएलिटी शोज हसल और पति पत्नी और पंगा 2 के सेट पर भी आग लगने की खबरें सामने आई हैं. पति पत्नी और पंगा 2 का जल्द ही प्रीमियर होने वाला था. लेकिन प्रीमियर से पहले ही सेट पर एक बड़ा हादसा हो गया. दरअसल, 'पति पत्नी और पंगा 2' के प्राइम फोकस स्टूडियो गोरेगांव, मुंबई के सेट पर भयंकर आग लग गई है. सेट पर लगी ये आग इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि इसने एक और रियलिटी शो 'हसल 5' के सेट को भी अपनी चपेट में ले लिया है. इससे जुड़े वीडियोज और फोटोज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.