रणबीर कपूर की रामायणम् का टीजर हाल ही में लॉस एंजेलिस में लॉन्च किया गया. इस ग्रैंड इवेंट में रणबीर के साथ फिल्म के डायरेक्टर और टीम के लोग भी शामिल हुए. एक्टर के लिए ये बेहद खास पल रहा. फिल्म में रणबीर भगवाम राम की भूमिका अदा कर रहे हैं. कहना गलत नहीं होगा कि उनकी पहली झलक देखने से पहले ही फैंस उनके मुरीद हो गए हैं.
राम के करीब रणबीर!
फिल्म का टीजर भारत में 2 अप्रैल को रिलीज होगा, लेकिन लॉस एंजेलिस में कुछ लोगों को इसे पहले ही देखने का मौका मिल गया. इस इवेंट में रणबीर को एक फैन ने खास गिफ्ट भी दिया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिखता है कि फैन रणबीर को ये जैकेट देते हुए कहता है कि ये अयोध्या मंदिर से इंस्पायर है और इससे बेहतर मौका इसे देने का नहीं हो सकता था.
इवेंट में फैन शशांक ने रणबीर को गिफ्ट देते हुए बताया कि वो भी एक फैशन डिजाइनर हैं. उन्होंने खास एक्टर के लिए इसे बनाया है. रणबीर ये देख बेहद खुश हुए और फैन का धन्यवाद करते नहीं थके.
मंत्रमुग्ध हुए रणबीर
रणबीर ने इवेंट के बाद इस गिफ्ट को ओपन किया, वो उस खूबसूरत जैकेट को देख हैरान रह गए. रणबीर ने ध्यान से जैकेट को देखा और अपनी टीम को भी उसके डिजाइन और कढ़ाई के बारे में बताया. वो लाल रंग की कस्टमाइज्ड बंधगला जैकेट थी. इस जैकेट के नीचे की तरफ राम मंदिर की डिटेल्ड कढ़ाई थी और पीछे भगवान राम की पूरी छवि बनी हुई थी. लाल कपड़े पर गोल्डन धागों से किया गया काम इसे और भी शानदार बना रहा था.
यहां देखें वीडियो...
रणबीर कपूर ने इवेंट में कहा- ये मेरे लिए बहुत खास पल है. हम अपनी मेहनत का नतीजा आपको दिखा रहे हैं. आप लोग दुनिया के पहले लोग हैं जो इसे देख रहे हैं और हमें इससे ज्यादा खुशी नहीं हो सकती.
अरुण गोविल से हुए कम्पेयर
हालांकि इस वीडियो के वायरल होने के बाद फैंस रणबीर को दिग्गज एक्टर अरुण गोविल से कम्पेयर कर रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि फिल्म आने से पहले ही रणबीर को लोगों राम के रूप में अपना लिया है. उन्हे तोहफे दिए जा रहे हैं. जैसे रामानंद सागर की रामायण फेम अरुण गोविल को दिए जाते थे.
राहा ने बदली तकदीर!
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम का रोल निभा रहे हैं, जबकि साईं पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी. यश- रावण का रोल करेंगे, और सनी देओल- हनुमान का. वहीं रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में दिखेंगे. हाल ही में रणबीर ने बताया था कि पहले वो इस किरदार को निभाने से हिचक रहे थे, लेकिन बेटी राहा के जन्म के बाद उनका मन बदला. पिता बनने के बाद उन्होंने रामायणम् करने का फैसला लिया.
इसके अलावा काजल अग्रवाल और रकुल प्रीत सिंह- मंदोदरी और शूर्पणखा के रोल में होंगी. फिल्म में अरुण गोविल, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, शीबा चड्ढा और इंदिरा कृष्णन भी नजर आएंगे. रामायणम् पार्ट 1 इस साल दिवाली पर रिलीज होगी, जबकि इसका दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा.