scorecardresearch
 

'रामायण' के लिए मुंबई में बना मिथिला, सीता स्वयंवर की तैयारी, रावण की एंट्री पर आया अपडेट

यश मुंबई में 'रामायण' के लिए सीता स्वयंवर में रावण के धनुष उठाने में उसकी असफलता वाले सीन की शूटिंग कर रहे हैं. यह सीन कहानी में एक अहम मोड़ है और इसे मिथिला के एक भव्य सेट पर फिल्माया जा रहा है.

Advertisement
X
मुंबई में बना मिथिला (Photo: Screengrab)
मुंबई में बना मिथिला (Photo: Screengrab)

नितेश तिवारी की मचअवेटेड फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज बना हुआ है. अब इस फिल्म के सेट से एक बड़ा अपडेट सामने आया है. 'KGF' स्टार यश, जो इस फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे हैं, उन्होंने मुंबई में अपने हिस्से की शूटिंग शुरू कर दी है.

रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई की फिल्म सिटी में एक भव्य 'मिथिला' का सेट तैयार किया गया है, जहां फिल्म के सबसे महत्वपूर्ण दृश्यों में से एक 'सीता स्वयंवर' को फिल्माया जा रहा है. यश अप्रैल के महीने से ही इस मेगा प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं, लेकिन इस हफ्ते की शूटिंग बेहद खास है क्योंकि इसमें रावण के उस अहंकार और शक्ति को दिखाया जाएगा, जब वह शिव धनुष उठाने की कोशिश करता है.

मुंबई में बना भव्य मिथिला साम्राज्य
गोरेगांव की फिल्म सिटी में इन दिनों त्रेतायुग का नजारा देखने को मिल रहा है. मेकर्स ने मिथिला के महल को जीवंत करने के लिए एक विशाल सेट तैयार किया है. रिपोर्ट के अनुसार, इस सेट में महल के बड़े-बड़े आंगन, शाही बालकनी और फूलों से सजे पारंपरिक फर्श के पैटर्न बनाए गए हैं.  इस सीन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें सैकड़ों जूनियर आर्टिस्ट शामिल हो रहे हैं, जो स्वयंवर में आए मेहमानों और प्रजा की भूमिका निभा रहे हैं. प्रोडक्शन टीम का पूरा ध्यान इस पल की भव्यता और उस तनाव को पर्दे पर उतारने पर है, जब एक के बाद एक योद्धा धनुष उठाने में नाकाम होते हैं.

Advertisement

रावण की दमदार एंट्री
इस शेड्यूल के केंद्र में यश का रावण अवतार है. फिल्म के एक सूत्र ने जानकारी दी है कि जैसे ही रावण दरबार में कदम रखता है, पूरे महल की ऊर्जा और माहौल बदल जाता है. यश की एंट्री को बेहद प्रभावशाली और दमदार तरीके से शूट किया गया है ताकि दर्शकों को रावण के दबदबे का अहसास हो सके. इस सीन में दिखाया जाएगा कि रावण किस तरह आत्मविश्वास के साथ शिव धनुष को उठाने की नाकाम कोशिश करता है. विजुअल स्केल को बड़ा बनाने के लिए काफी बारीकी से काम किया जा रहा है.

दिवाली पर रिलीज होगी रामायण
फिल्म में सीता का किरदार निभाने वाली साई पल्लवी के भी जल्द ही शूटिंग में शामिल होने की खबर है. हालांकि, फिलहाल पूरा फोकस रावण के दृश्यों पर ही है. बता दें कि इस फिल्म में रणबीर कपूर (राम), सनी देओल (हनुमान) और रवि दुबे जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

नमित मल्होत्रा द्वारा प्रोड्यूस की जा रही इस फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान तैयार कर रहे हैं. सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो यह फिल्म इसी साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिलहाल फैंस को रणबीर और यश के बीच होने वाले उस फिल्मी टकराव का बेसब्री से इंतजार है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement