ब्रैंडन मैक्कुलम को हाल ही में इंग्लैंड की टेस्ट टीम के हेड कोच पद से हटा दिया गया था. मैक्कुलम की विदाई के बाद अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम के नए हेड कोच को लेकर चल रही अटकलों पर जल्द विराम लग सकता है. द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने स्टीफन फ्लेमिंग के नाम पर लगभग सहमति बना ली है और जल्द ही उनके नाम का आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है.
53 वर्षीय स्टीफन फ्लेमिंग ने अब तक किसी राष्ट्रीय टीम को कोचिंग नहीं दी है, लेकिन फ्रेंचाइजी क्रिकेट में उनकी उपलब्धियां उन्हें दुनिया के सबसे सफल कोचों में शामिल करती हैं. फ्लेमिंग ने करीब 17 वर्षों तक IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हेड कोच के रूप में काम किया. उनके कार्यकाल में सीएसके ने 5 आईपीएल खिताब और 2 चैम्पियंस लीग टी20 ट्रॉफी जीतीं.
उनकी कोचिंग में टीम कई बार प्लेऑफ में पहुंची और दुनिया की सबसे सफल टी20 फ्रेंचाइजी टीम्स में अपनी पहचान बनाई. फ्लेमिंग ने सिर्फ आईपीएल ही नहीं, बल्कि मेजर लीग क्रिकेट (MLC), SA20 और द हंड्रेड जैसी लीगों में भी कोचिंग दी है. कुछ सप्ताह पहले उन्होंने सीएसके से अलग होने का फैसला किया था, जिसके बाद से ही इंग्लिश टेस्ट टीम के साथ उनका नाम लगातार जोड़ा जा रहा था.
फ्लावर से नहीं बन पाई बात
रिपोर्ट्स के मुताबिक ईसीबी की पहली पसंद जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान और RCB (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) के मौजूदा हेड कोच एंडी फ्लावर थे. बोर्ड ने उनसे बातचीत भी की, लेकिन फ्लावर ने यह जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया. फ्लावर ने साफ कहा कि वह फिलहाल आरसीबी और लंदन स्पिरिट के साथ अपने काम में खुश हैं. उनके मुताबिक, अगर वह इंग्लैंड के टेस्ट कोच बनते तो आईपीएल के दौरान भारत में रहने के बजाय इंग्लैंड में खिलाड़ियों पर नजर रखनी पड़ती, इसलिए दोनों भूमिकाएं एक साथ निभाना संभव नहीं था.
कोचिंग से पहले स्टीफन फ्लेमिंग का खिलाड़ी के तौर पर भी शानदार करियर रहा. उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 111 टेस्ट, 280 ओडीआई और 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और 15319 रन बनाए. कप्तान के रूप में उन्होंने न्यूजीलैंड को 80 टेस्ट मैचों में 28 जीत दिलाई, जो आज भी कीवी कप्तान के तौर पर एक रिकॉर्ड है. उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड ने विश्व क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई.
स्टीफन फ्लेमिंग के सामने सबसे बड़ी चुनौती इंग्लैंड की टेस्ट टीम को फिर से जीत की राह पर लाना होगी. ईसीबी को उम्मीद होगी कि फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अपनी रणनीति और सफलता के लिए मशहूर स्टीफन फ्लेमिंग टेस्ट क्रिकेट में भी टीम को नई दिशा देंगे.