नितेश तिवारी की फिल्म रामायण के गाने ‘रावण तांडव’ को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है. जहां यश के रावण अवतार की तारीफ हो रही है, वहीं एआर रहमान के संगीत को लेकर कुछ दर्शकों ने निराशा जताई है. इसी बीच साउथ के मशहूर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर देवी श्री प्रसाद यानी डीएसपी ने रहमान की तारीफ करते हुए उनके साथ काम करने पर खुशी जताई है.
डीएसपी ने फिल्म के तेलुगु वर्जन ‘रावण तांडवम’ को अपनी आवाज दी है. उनका यह पोस्ट ऐसे समय आया है, जब गाने के म्यूजिक को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
एआर रहमान की तारीफ में क्या बोले डीएसपी?
डीएसपी ने अपने एक्स अकाउंट पर ‘रावण तांडवम’ का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें एआर रहमान के संगीत में इस गाने को गाकर खुशी हुई. उन्होंने रहमान को उनके तमिल नाम ‘इसैपुयल’ से भी संबोधित किया, जिसका मतलब है ‘संगीत का तूफान’.
डीएसपी ने अपने पोस्ट में लिखा- इसैपुयल एआर रहमान सर के संगीत में यह गाना गाकर खुश हूं. इतने शानदार प्रोजेक्ट ‘रामायण’ का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है. उम्मीद है कि आप सभी को यह गाना पसंद आएगा.
डीएसपी के इस पोस्ट से साफ है कि वह इस बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर उत्साहित हैं और उन्होंने रहमान के साथ काम करने पर गर्व जताया है.
‘रावण तांडव’ के म्यूजिक पर क्यों हो रही है बहस?
‘रावण तांडव’ रिलीज होने के बाद कुछ दर्शकों को इसका संगीत उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं लगा. कई लोगों का मानना था कि भगवान शिव के तांडव और रावण के रौद्र रूप को दिखाने वाले इस गाने में और ज्यादा जोश और एनर्जी होनी चाहिए थी.
एक सोशल मीडिया यूजर ने डीएसपी को टैग करते हुए लिखा कि रहमान का संगीत निराशाजनक लगा और इस गाने के लिए डीएसपी या एमएम कीरवानी जैसे संगीतकार बेहतर विकल्प हो सकते थे. वहीं, एक अन्य यूजर ने गाने को औसत बताते हुए कहा कि उम्मीदें बहुत ज्यादा थीं, लेकिन गाना उन पर खरा नहीं उतरा.
हालांकि, हर कोई गाने से निराश नहीं है. कुछ फैंस ने डीएसपी की आवाज की तारीफ की और कहा कि रावण जैसे किरदार के लिए उनकी आवाज में खास दम है. गाने को लेकर दर्शकों की राय बंटी हुई है.
‘रामायण’ के अलग-अलग भाषाओं वाले वर्जन में किसने दी आवाज?
‘रावण तांडव’ को हिंदी के साथ कई भाषाओं में रिलीज किया गया है. हिंदी वर्जन को विशाल ददलानी ने गाया है, जबकि तेलुगु वर्जन ‘रावण तांडवम’ में डीएसपी की आवाज सुनाई देती है. तमिल वर्जन को जीवी प्रकाश कुमार और अनिरुद्ध रविचंदर ने गाया है. कन्नड़ वर्जन में रवि बसरूर और मलयालम वर्जन में यदु कृष्णन के स्वर सुनाई देते हैं.
कब रिलीज होगी रणबीर कपूर की ‘रामायण’?
नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा और यश के प्रोडक्शन में बन रही रामायण दो हिस्सों में रिलीज होगी. फिल्म के पहले पार्ट में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में आएगा.
फिलहाल, ‘रावण तांडव’ को लेकर चर्चा जारी है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में गाने को लेकर दर्शकों की राय बदलती है या नहीं. फिलहाल डीएसपी ने एआर रहमान के संगीत की तारीफ कर यह साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया पर आलोचना के बीच भी कुछ कलाकार इस गाने को लेकर उत्साहित हैं.