
हाल ही में एक्टर आर्य बब्बर ने अपने सौतेले भाई प्रतीक स्मिता पाटिल पर आरोप लगाने के कुछ दिनों बाद, प्रतीक ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट शेयर किया जिसे लोग उनका जवाब मान रहे हैं. आर्य ने आरोप लगाया था कि प्रतीक ने अपने पिता राज बब्बर का पैसों के लिए इस्तेमाल किया और बाद में उन्हें गलत साबित करने की कोशिश की.
सरेआम हुई भाईयों की अनबन
राज बब्बर के दोनों बेटों के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग छिड़ हुई है. पारिवारिक उलझने लंबे समय से पब्लिक डोमेन में हैं, और चर्चा का टॉपिक बनी हुई हैं. प्रतीक ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक क्रिप्टिक नोट शेयर किया, जिसमें लिखा था- अगर झूठ फैलाने से पैसे मिलते, तो कुछ लोग आखिरकार सफल हो जाते. ये पोस्ट पहले उनकी पत्नी प्रिया बनर्जी ने शेयर की थी, जिसे बाद में प्रतीक ने रीशेयर किया. हालांकि, उन्होंने अभी तक आर्य के आरोपों पर सीधे तौर पर कोई बयान नहीं दिया है.

हाल ही में एक इंटरव्यू में आर्य बब्बर ने कहा कि प्रतीक ने तलाक के बाद परिवार से दूरी बना ली. उन्होंने बताया कि उन्होंने कई बार कॉल और मैसेज किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. आर्या ने कहा कि लोग हमेशा प्रतीक को पीड़ित मानते हैं और उनके परिवार को गलत समझते हैं.
क्या है पूरा मामला?
आर्य ने आरोप लगाया कि जब प्रतीक को पैसों या घर की जरूरत होती थी, तब वो राज बब्बर को पिता मानते थे, लेकिन समाज के सामने उन्हें सम्मान देने की बात आती है तो वो पीछे हट जाते हैं.
उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि जिस स्मिता पाटिल के लिए उनके पिता ने अपना पहला परिवार छोड़ा, आज उसी स्मिता पाटिल का बेटा अपने पिता को स्वीकार नहीं कर रहा. हालांकि, आर्य ने ये भी कहा कि अगर प्रतीक वापस रिश्ते सुधारना चाहें, तो उनके पिता और बहन जूही उन्हें जरूर अपना लेंगे.
प्रतीक, मशहूर एक्ट्रेस स्मिता पाटिल और राज बब्बर के बेटे हैं. स्मिता पाटिल की मौत प्रतीक के जन्म के समय हो गई थी, जिसके बाद उनका पालन-पोषण उनके नाना-नानी ने किया. शुरुआत में उनका अपने पिता से ज्यादा लगाव नहीं था.
राज बब्बर की पहली पत्नी नादिरा बब्बर हैं, जिनसे उनके दो बच्चे आर्या और जूही हैं. बाद में राज और प्रतीक के रिश्ते सुधरे, लेकिन पिछले कुछ सालों में फिर दूरियां आ गईं. यहां तक कि प्रतीक ने अपनी दूसरी शादी में पिता और उनके परिवार को भी नहीं बुलाया.