आदित्य धर की फिल्म धुरंधर हिंदी सिनेमा की सबसे सफल पिक्चर में से एक है. बॉक्स ऑफिस पर तो इसने बंपर कमाई की ही, मगर जो असर इसका पॉप कल्चर में देखा गया वो कुछ अलग ही था. रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, समेत सभी एक्टर्स छा गए. रणवीर को लंबे वक्त बाद एक बड़ी सफलता मिली, जिससे वो बेहद खुश भी हुए.
धुरंधर फिल्म में रणवीर सिंह की कास्टिंग क्यों हुई थी, इसके बारे में फिल्म की प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे ने खुलकर बात की है. उनका कहना है कि फिल्म पहले से शूटिंग के दौरान महंगी हो रही थी, ऐसे में वो किसी बड़े स्टार को लेकर इसका बजट और नहीं बढ़ाना चाहती थीं. उन्होंने किसी तथाकथित स्टार के बदले, एक परफॉर्मर को चुना जो रणवीर सिंह थे. हालांकि ज्योति की बातों को दूसरे मतलब के साथ भी देखा गया.
धुरंधर पर क्या बोली थीं प्रोड्यूसर?
ज्योति देशपांडे ने आउटलुक बिजनेस को दिए इंटरव्यू में कहा था- ये फिल्म धुरंधर कई बार तय समय और बजट से आगे निकल गई थी, लेकिन मैंने हर बार इसे पूरा करने का फैसला किया. मैंने इसे नए तरीके से तैयार किया. एक समय ऐसा भी आया जब एक पार्ट की कहानी दो पार्ट में बदल गई, लेकिन हमने उसका भी रास्ता निकाल लिया. हम सभी को इस फिल्म पर पूरा भरोसा था. सबसे पहले आदित्य धर, फिर रणवीर सिंह, जिन्होंने फिल्म के दौरान खुद को पूरी तरह इसी प्रोजेक्ट के लिए समर्पित कर दिया और कोई दूसरा काम नहीं किया. फिल्म से जुड़े हर व्यक्ति—चाहे सिनेमैटोग्राफी हो, साउंड डिजाइन हो या एडिटिंग—सबने अपना 100% दिया.
'हम सभी जानते थे कि हम कुछ ऐसा बना रहे हैं, जिसमें एक खास मकसद और दिल था. ऐसा काम, जो पहले कभी नहीं देखा गया था और ना ही पहले कभी किया गया था. हमारे लिए ये सिर्फ एक फिल्म नहीं थी. ऐसा लग रहा था कि अगर हमने इसे नहीं बनाया, तो हमारी मेहनत और जुनून का कोई मतलब नहीं रहेगा. इसलिए हमने हर मुश्किल का सामना किया और आगे बढ़ते रहे. चाहे कितनी भी बाधाएं आईं, मैंने हर बार कोई ना कोई रास्ता निकाला और कभी रुकने नहीं दिया.'
रणवीर सिंह की कास्टिंग से उठा पर्दा
ज्योति देशपांडे ने आगे रणवीर सिंह की कास्टिंग पर कहा- फिल्म की शूटिंग पहले से ही काफी महंगी थी, इसलिए हमारे पास कोई ऐसा आसान या सेफ ऑप्शन नहीं था. अगर हम बड़े स्टार्स को भी लेते, तो फिल्म पहले दिन से ही घाटे का सौदा बन जाती. इसलिए हमें बड़े नाम नहीं, बल्कि ऐसा एक्टर चाहिए था जो अपने किरदार को पूरी ईमानदारी से निभा सके. मैं रणवीर सिंह के साथ राम लीला और बाजीराव मस्तानी में काम कर चुकी हूं, उस समय वो इतने बड़े स्टार नहीं थे.
'मुझे आज भी लगता है कि ये रणवीर के करियर की बेहतरीन फिल्मों में से हैं. वो कमाल के एक्टर हैं और अपने किरदार में पूरी तरह ढल जाते हैं. मुझे उनकी यही बात सबसे ज्यादा पसंद है कि फिल्म में वो रणवीर सिंह नहीं लगते. जब उन्हें बाजीराव बनना होता है, तो वो पूरी तरह बाजीराव बन जाते हैं. जब खिलजी का किरदार निभाते हैं, तो बिल्कुल खिलजी नजर आते हैं. और जब गली बॉय बनते हैं, तो उसी किरदार में पूरी तरह रम जाते हैं. यानी वो हर बार खुद को बदल लेते हैं, सिर्फ रणवीर सिंह बनकर एक्टिंग नहीं करते.'
ज्योति के कमेंट से हैरान यूजर्स
धुरंधर प्रोड्यूसर ने रणवीर सिंह की तो तारीफ की, मगर कुछ लोग ऐसे हैं जो उनके इस बयान से ये सोच रहे हैं कि शायद ज्योति देशपांडे ने जाने-अनजाने में रणवीर को छोटा स्टार कह दिया. X और रेडिट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके स्टेटमेंट वायरल हैं. लोगों का कहना है कि रणवीर पहले से ही स्टार थे. उन्होंने बाजीराव मस्तानी और पद्मावत जैसी फिल्मों के जरिए खुद को साबित किया है. अब देखने वाली बात होगी कि क्या धुरंधर प्रोड्यूसर इसपर कोई रिएक्शन देंगी या नहीं.