एक्ट्रेस शेफाली शाह की पहली शादी एक्टर हर्ष छाया से हुई थी. दोनों ने जी टीवी के मशहूर शो हसरतें में साथ काम किया था. सेट पर प्यार होने के बाद 1994 में दोनों ने शादी की, लेकिन साल 2000 में उनका रिश्ता टूट गया. 6 साल बाद कपल का रिश्ता कड़वाहट की वजह से टूट गया. बावजूद इसके कि दोनों ही सालों पहले अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं, समय-समय पर हर्ष और शेफाली दोनों इस अलगाव को अपनी जिंदगी का मुश्किल दौर बताते आए हैं.
तलाक के बाद शेफाली ने फिल्म मेकर विपुल शाह से शादी की तो वहीं हर्ष ने एक्ट्रेस सुनीता सेनगुप्ता संग रिश्ता जोड़ा. शेफाली के विपुल से दो बच्चे हैं तो वहीं हर्ष की कोई संतान नहीं है. अब हाल ही में लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में हर्ष ने फिर से अपने तलाक, इमोशनल रिकवरी और अलग होने के बाद की जिंदगी पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि कैसे उस वक्त उन्होंने खुद को तलाक के दर्द से बिखरने से बचाया.
हर्ष छाया ने तलाक पर क्या कहा?
हर्ष ने कहा कि आज भी तलाक को समाज में गलत नजर से देखा जाता है, जिसकी वजह से कई लोग खराब शादी में फंसे रहते हैं. शेफाली से अपने अलगाव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि हर रिश्ता और हर तलाक अलग होता है.
उन्होंने कहा- हमारे मामले में मुझे साफ दिख रहा था कि रिश्ता खत्म होने की तरफ बढ़ रहा है. जब मुझसे कहा गया कि ‘मैं अब तुम्हारे साथ नहीं रह सकती’, उससे 8-9 महीने पहले ही मुझे अंदाजा हो गया था. मैं मानसिक रूप से तैयार था. उस समय मैंने खुद को टूटने नहीं दिया और अपना ध्यान काम और खुद पर लगाया, क्योंकि मैं दिल्ली छोड़कर मुंबई अपने करियर के लिए आया था. हर इंसान अलग तरीके से चीजों को संभालता है. मैं खुशकिस्मत हूं कि मैं आसानी से हिलता नहीं हूं.
दर्द हो रहा है तो दिखाने में दिक्कत नहीं
हर्ष ने आगे कहा कि तलाक या ब्रेकअप के दौरान खुद को जबरदस्ती मजबूत दिखाने की जरूरत नहीं होती. इंसान को अपने दर्द को महसूस करना चाहिए.
उन्होंने कहा- ऐसी स्थिति में खुद को संभालकर रखना जरूरी है. अगर आप दुखी हैं, तो उस एहसास को महसूस कीजिए, खुद को मजबूत दिखाने की कोशिश मत कीजिए. मैंने 5-6 महीने तक गुस्सा किया, पछतावा महसूस किया. फिर मुझे समझ आया कि मैं तनाव में हूं और लोग मेरी बातें सुनने को तैयार हैं. मैंने कुछ लोगों से अपनी बातें शेयर कीं, फिर हम डेट पर भी गए. ऐसा कई बार हुआ और मैंने इसे एक तरह का तरीका बना लिया. मैं 2-3 महीनों में कई डेट्स पर गया. समय लगता है, इसलिए अपनी भावनाएं छिपाइए मत.
तलाक पर अपनी सोच बताते हुए हर्ष ने कहा कि अगर रिश्ता खत्म हो चुका है, तो उसे खींचते रहने का कोई मतलब नहीं.
उन्होंने कहा- दो लोग हर समय साथ नहीं रह सकते. मैं अपने जैसे इंसान के साथ भी 365 दिन नहीं रह सकता. मेरे लिए तलाक कोई बहुत बड़ी बात नहीं है. अगर होना है, तो जल्दी हो जाना चाहिए, ताकि रिश्ता जबरदस्ती न चले. हमने फैसला लिया और तुरंत कार्रवाई की. हमने आवेदन में भी दिखाया कि हम पिछले छह महीने से अलग रह रहे थे.
जब तलाक पर बोली थीं शेफाली
शेफाली शाह ने भी एक इंटरव्यू में अपनी पहली शादी पर बात की थी. उन्होंने कहा था- मैंने उस रिश्ते को अपनी जिंदगी का बहुत लंबा समय दिया. मैंने पूरी कोशिश की थी. मुझे लगता था कि शादी हमेशा खुशहाल रहती है, लेकिन बाद में समझ आया कि जिंदगी हमेशा वैसी नहीं होती. एक समय के बाद आपको समझ आता है कि आपके और आपके आसपास के लोगों के लिए क्या सही है. मुझे कभी अफसोस नहीं हुआ, क्योंकि मैंने अपना सब कुछ उस रिश्ते को दिया था. अगर रिश्ता नहीं चला, तो बस किस्मत खराब थी. लोग इस पर इतना हंगामा क्यों करते हैं?