मशहूर रैपर एमीवे बंटाई (Emiway Bantai) एक बार फिर अपने लेटेस्ट गाने की वजह से सुर्खियों में हैं. हाल ही में रिलीज हुआ उनका नया गाना 'बोल रहा सड़क' इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल है. देश के मौजूदा शिक्षा सिस्टम, पेपर लीक की घटनाओं और हाल ही में हुए छात्र प्रदर्शनों से प्रेरित यह गाना महज एक म्यूजिक ट्रैक नहीं, बल्कि युवाओं की आवाज उठाने वाला प्रोटेस्ट एंथम बनकर उभरा है.
खबर लिखे जाने तक इस गाने को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और यही वजह है कि रिलीज होने के महज दो दिनों के भीतर इसे 1.1 मिलियन (11 लाख) से भी ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं.
डॉक्टर कलाम की आवाज से हुई दमदार शुरुआत
गाने का आगाज बेहद इमोशनल और विचार देने वाले एक डायलॉग से होता है. शुरुआत में एक बच्चे की आवाज सुनाई देती है, जो देश के पूर्व और दिवंगत राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम से सवाल पूछता है, 'What are the major strengths and weaknesses of our idea?' इसके जवाब में डॉक्टर कलाम की आवाज गूंजती है- 'Strengths of India? You guys...'. इस प्रेरणादायक संदेश के तुरंत बाद गाना अपनी पूरी लय में शुरू होता है, जो सीधा सुनने वालों के दिल और दिमाग पर असर छोड़ता है.
छात्रों के अधिकार और सिस्टम में सुधार की मांग
इस गाने के केंद्र में देश के युवाओं का दर्द, छात्र आंदोलन, लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामले और छात्रों के बुनियादी अधिकार हैं. 'बोल रहा सड़क' के जरिए एमीवे ने युवाओं को बिना किसी हिंसा के, शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने और मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की मांग करने का संदेश दिया है. इस गाने को खुद एमीवे बंटाई ने लिखा और गाया है, जबकि इसका म्यूजिक मेमैक्स (Memax) ने तैयार किया है.
कौन हैं एमीवे बंटाई?
एमीवे बंटाई का असली नाम बिलाल शेख है, हालांकि लोग उन्हें शाहरुख शेख के निकनेम से भी जानते हैं. वे सिर्फ एक रैपर ही नहीं, बल्कि सिंगर, डांसर, सॉन्ग राइटर, एडिटर और म्यूजिक कंपोजर भी हैं. उन्हें असली पहचान यूट्यूब पर अपने इंडिपेंडेंट गानों जैसे 'मचाएंगे', 'Skrrt करेंगे' और 'फ्री वर्स फीस्ट' से मिली. आज वे भारतीय हिप-हॉप कम्युनिटी का एक बहुत बड़ा नाम हैं, जिनके हर गाने को लाखों-करोड़ों व्यूज़ मिलते हैं.
यहां सुनिए गाना...
उनका गाना 'असली हिप हॉप' बेहद हिट रहा था. इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड फिल्म 'गली बॉय' में न सिर्फ रैप किया, बल्कि अपनी एक्टिंग का हुनर भी दिखाया.
एमीवे का शुरुआती जीवन आसान नहीं था. 11वीं क्लास में आने के बाद उनका रुझान पढ़ाई से हटकर रैपिंग की तरफ होने लगा और वे मशहूर अमरीकी रैपर एमिनेम को सुनने लगे. पढ़ाई पर ध्यान न दे पाने के कारण वे 12वीं में फेल हो गए थे, जिसके बाद वे गहरे डिप्रेशन में चले गए. इसके बाद साल 2014 में उन्होंने सिर्फ मजे के लिए रैप वीडियोज बनाने शुरू किए. शुरुआत में वे अंग्रेजी में रैप करते थे, लेकिन अपने पिता की सलाह पर उन्होंने हिंदी में रैप करना शुरू किया ताकि आम लोग उनकी बातों से कनेक्ट कर सकें.
'और बंटाई' से बदली किस्मत
2014 में आया उनका पहला हिंदी रैप 'और बंटाई' रिलीज़ होते ही रातों-रात हिट हो गया. इसके बाद एमीवे ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. आज उनका अपना खुद का स्टूडियो है और वे एक आलीशान जिंदगी जीते हैं. सोशल मीडिया पर उनकी फैन फॉलोइंग बेहद तगड़ी है; इंस्टाग्राम पर उनके 6 मिलियन (60 लाख) से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और यूट्यूब पर 22 मिलियन (2.2 करोड़) से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं. आज उनकी नेटवर्थ करोड़ों में बताई जाती है.