scorecardresearch
 

Homemade Sesame Oil: घर पर बिना मशीन निकालें 100% शुद्ध तिल का तेल, मिलेगा शीशे जैसा साफ; नवरात्रि में खाना पकाने से ज्योत जलाने तक आएगा काम

Homemade Sesame Oil: नवरात्रि में पूजा की ज्योत जलाने और कुकिंग के लिए घर पर ही बनाएं 100% शुद्ध तिल का तेल. आज हम आपको बिना किसी मशीन के 750 ग्राम तिल से शीशे जैसा साफ और खुशबूदार तेल निकालने का आसान तरीका बताने वाले हैं.

Advertisement
X
घर पर तिल का तेल निकालने के लिए पहले तिल को भूनना पड़ता है. (Photo: ITG)
घर पर तिल का तेल निकालने के लिए पहले तिल को भूनना पड़ता है. (Photo: ITG)

Homemade Sesame Oil: नवरात्रि शुरू होने वाली है और इन दिनों घरों में पूजा-पाठ के साथ खान-पान का भी खास ध्यान रखा जाता है. कई घरों में माता की ज्योत जलाने के लिए तिल के तेल का इस्तेमाल होता है, वहीं व्रत और रोजाना के खाने में भी तेल की जरूरत पड़ती है. ऐसे में अगर आप बाजार से तिल का तेल खरीदने के बजाय घर पर ही इसे तैयार कर लें तो कैसा रहेगा? खास बात ये है कि इसे बनाने के बाद निकलने वाली खल को भी फेंकना नहीं पड़ेगा, बल्कि इससे स्वादिष्ट मिठाई तैयार की जा सकती है.

दरअसल, घर पर तिल का तेल बनाने का हम एक ऐसा तरीका लेकर आए हैं, जिसमें बिना किसी मशीन के तिल से तेल निकाला जा सकता है. इस तरीके में तिल को पहले हल्का भूनकर पीसा जाता है और फिर तेल अलग किया जाता है. इस तरीके से तिल का तेल निकालने पर शीशे की तरह साफ और खुशबूदार तिल का तेल तैयार हो जाता है. नवरात्रि में इसका इस्तेमाल खाना पकाने के साथ-साथ पूजा में ज्योत जलाने के लिए भी किया जा सकता है. चलिए जानते हैं कैसे आप घर पर तिल का तेल निकाल सकते हैं.

750 ग्राम तिल से तैयार होगा घर का तेल
घर पर तिल का तेल बनाने के लिए सबसे पहले अच्छी क्वालिटी के करीब 750 ग्राम तिल लें. ध्यान रखें कि तिल छिले हुए न हों, क्योंकि इससे निकलने वाली खल का आगे इस्तेमाल किया जाएगा. सबसे पहले तिल को पानी से अच्छी तरह धो लें और फिर एक बर्तन में डालकर इतना पानी भरें कि सारे तिल पूरी तरह डूब जाएं.

Advertisement

तिल को करीब 2 घंटे तक पानी में भिगोकर रखें. इसके बाद इन्हें छान लें और करीब 15-20 मिनट तक छलनी में ही रहने दें, ताकि एक्स्ट्रा पानी निकल जाए.

तिल को ऐसे करें हल्का भूनना
अब तिल को एक बड़े पैन में डालकर मीडियम फ्लेम पर लगातार चलाते हुए पकाएं. जब तिल का पानी पूरी तरह सूख जाए तो गैस की आंच धीमी कर दें. अब तिल को हल्का भूनें, जब तक इनमें चटकने की आवाज आने लगे और रंग में मामूली से बदलाव दिखाई दें.

ध्यान रखें कि तिल को ज्यादा नहीं भूनना है. ज्यादा भुनने पर तेल का स्वाद कड़वा हो सकता है और इससे बनने वाली मिठाई का स्वाद भी बिगड़ सकता है.

तिल का बनाएं बारीक पेस्ट
हल्के भुने हुए तिल को कुछ देर ठंडा होने दें. इसके बाद इन्हें मिक्सर ग्राइंडर में डालकर पहले सूखा पीसें. फिर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए बारीक पेस्ट तैयार कर लें.

अब इस पेस्ट को थोड़ा पतला करने के लिए इसमें 2-3 गिलास पानी मिलाएं और छलनी की मदद से छान लें. इससे तिल की खल अलग हो जाएगी. बची हुई खल में करीब 1 लीटर पानी डालकर दोबारा पीसें और फिर मलमल के कपड़े से छान लें. इस पूरे प्रोसेस के बाद आपके पास तिल का लिक्विड और खल अलग-अलग हो जाएगी.

अब ऐसे निकलेगा तिल का तेल
अब बारी है तिल के लिक्विड से तेल अलग करने की. तिल के लिक्विड को एक पैन में डालकर मीडियम फ्लेम पर गर्म करें. जब इसमें उबाल आने लगे तो गैस धीमी कर दें.

Advertisement

अब इसे धीमी आंच पर करीब 10 मिनट पकाएं. थोड़ी देर बाद पैन के किनारों पर तेल जमा होता दिखाई देगा. इसे चम्मच की मदद से अलग बर्तन में निकालते जाएं.

इसी तरह करीब 10-10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाते हुए तेल अलग करते रहें. बीच-बीच में इसमें थोड़ा बर्फ जैसा ठंडा पानी डालने से भी तेल ऊपर आने लगता है. इस प्रोसेस को तब तक दोहराया जा सकता है, जब तक तेल निकलना लगभग बंद न हो जाए.

आखिर में ऐसे मिलेगा साफ और ट्रांसपेरेंट तेल

अलग किया हुआ तेल अभी पूरी तरह साफ नहीं होगा, उसमें थोड़ी नमी और खल के बारीक कण हो सकते हैं. इसलिए इसे दोबारा धीमी आंच पर पकाएं. इस दौरान लगातार ध्यान रखें कि खल नीचे चिपके या जले नहीं.

जब नमी काफी हद तक खत्म हो जाए और खल के कण सिकुड़ने लगें तो गैस बंद कर दें. इसके बाद तेल को थोड़ा ठंडा करके मलमल के कपड़े या फिल्टर पेपर की मदद से छान लें. छानने के बाद आपको साफ और खुशबूदार तिल का तेल मिल जाएगा. इसे साफ और एयरटाइट कांच की बोतल में भरकर रखें.

नवरात्र में खाना पकाने से लेकर ज्योत जलाने तक आएगा काम
घर पर तैयार किया गया ये तिल का तेल नवरात्रि के दौरान आपके कई काम आ सकता है. अगर आपके घर में तिल के तेल से खाना पकाया जाता है तो इसका इस्तेमाल कुकिंग में किया जा सकता है. वहीं, माता की ज्योत जलाने के लिए भी तिल के तेल का इस्तेमाल किया जाता है, इसलिए पूजा के काम में भी ये इस्तेमाल किया जा सकता है.

Advertisement

हालांकि, पूजा में तेल का इस्तेमाल करने से पहले अपने घर की परंपरा और पूजा की विधि जरूर ध्यान में रखें. इसी तरह खाने के लिए इस्तेमाल करते समय भी तेल को अच्छी तरह साफ और नमी से मुक्त करके ही स्टोर करें.

बची हुई खल भी आएगी काम
तेल निकालने के बाद बची खल को भी फेंकें नहीं. इसमें कुछ मात्रा में तेल बचा रह सकता है. इसे छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर फ्रीज किया जा सकता है. इसके अलावा सर्दियों में इस तरह की चिकनी खल का इस्तेमाल उबटन की तरह भी किया जा सकता है. यानी तिल से तेल निकालने के बाद भी इसका काफी हिस्सा दोबारा इस्तेमाल में आ सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement