आदित्य धर की फिल्म धुरंधर में कई ऐसे मोमेंट्स थे, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को बात करने पर मजबूर किया. फिल्म की कहानी तो चर्चा में रही ही, मगर इसके इमोशन्स भी लोगों के दिलों को छूने में कामयाब हो गए. पार्ट 2 में हमजा अली मजारी यानी जसकीरत सिंह रांगी की बैक स्टोरी दिखाई जाती है, जो बेहद दर्दनाक है.
धुरंधर 2 की शुरुआत जसकीरत के हमजा बनने से होती है. जसकीरत की हैप्पी फैमिली दिखाई जाती है, जिसपर बाद में एक छोटे कारण से दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है. इस स्टोरी ने कई लोगों के दिलों को छुआ. फिल्म के अंत में जसकीरत की घर वापसी भी दिखाई जाती है, जो उस दुख को और भारी कर देती है.
फैंस ने ढूंढ निकाला जसकीरत का घर
फिल्म में दिखाया जसकीरत का घर काफी ट्रेंड में रहा. धुरंधर 2 देखने के बाद, लोग उसके घर को ढूंढने के मिशन पर निकल पड़े. फिल्म में जसकीरत का घट पठानकोट में बताया जाता है. मगर असल जिंदगी में ये घर पटियाला में स्थित एक गांव मुखमैलपुर में है. जसकीरत के घर के अलावा एमएलए की हवेली भी लोगों ने ढूंढ निकाली है, जहां रणवीर सिंह के किरदार ने करीब 10 आदमियों की हत्या की थी.
एक यूजर ने इंस्टाग्राम पर धुरंधर में दिखाए घरों का वीडियो डाला है, जिसमें हम जसकीरत का घर और वो हवेली देख सकते हैं. दोनों ही घरों में कोई नहीं रहता है. जसकीरत का घर खेतों के बीच में है, जो शूट के बाद थोड़ी बंजर हालत में दिख रहा है. फिल्म के क्लाइमैक्स में दिखाया जाता है कि जसकीरत की मां घर का गेट बंद करके अंदर जा रही हैं. लेकिन असलियत में घर के बाहर कोई गेट नहीं है.
फैंस को धुरंधर देखने के बाद जसकीरत का घर देखकर काफी खुशी महसूस हुई है. इस वीडियो पर वो कमेंट करके लिख रहे हैं कि फिल्म के बाद ये घर शायद म्यूजियम बन सकता है. धुरंधर 2 में हमजा का ल्यारी वाला आलीशान बंगला भी अमृतसर में स्थित है. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर कुछ दिन पहले वायरल हुआ था.
बात करें धुरंधर 2 के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की, तो फिल्म 12 दिनों में वर्ल्डवाइड 1400 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है. वहीं इंडिया में इसका नेट कलेक्शन 872 करोड़ पहुंच चुका है. हालांकि फिल्म की रफ्तार में धीरे-धीरे ब्रेक लगना शुरू हो चुका है. देखना है कि धुरंधर 2 लाइफटाइम कितनी कमाई कर पाएगी.