उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के लोकभवन में अपनी पूरी कैबिनेट के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित भव्य फिल्म 'कृष्णावतारम' (भाग-1: हृदयम) की स्पेशल स्क्रीनिंग देखी. मंत्रिमंडल विस्तार के ठीक बाद आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं.
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री इसके शानदार प्रेजेंटेशन से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने तुरंत इसे पूरे प्रदेश में टैक्स फ्री करने का बड़ा फैसला सुना दिया.
सीएम योगी ने किया ट्वीट
फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर इस अनुभव को शेयर किया. उन्होंने लिखा कि राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ योगेश्वर श्रीकृष्ण के दिव्य माहात्म्य पर आधारित फिल्म 'कृष्णावतारम्' देखने का अवसर मिला.'
इस दौरान सीएम ने फिल्म से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया और यह घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में अब यह फिल्म टैक्स फ्री होगी. मुख्यमंत्री ने पूरी टीम को इस बेहतरीन प्रयास के लिए हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं.
राज्यपाल की पोती ने निभाया अहम किरदार
इस फिल्म की एक खास बात यह है कि इसमें भगवान श्रीकृष्ण की पत्नी सत्यभामा का मुख्य किरदार संस्कृति ने निभाया है. संस्कृति, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की पोती हैं. फिल्म में उनकी एक्टिंग की काफी तारीफ हो रही है.
उनके अलावा सिद्धार्थ गुप्ता, सुष्मिता भट,और निवाशियनी कृष्णन जैसे युवा कलाकारों ने अपने काम से दर्शकों का दिल जीत लिया है. कम बजट के बावजूद फिल्म के विजुअल्स और संगीत इसे एक भव्य सिनेमाई अनुभव दे रहे हैं.
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार
सिर्फ राजनीतिक गलियारों में ही नहीं, बल्कि सिनेमाघरों में भी 'कृष्णावतारम्' को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है. गुरुवार को करीब 500 शोज के साथ रिलीज हुई इस फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. फिल्म को मिल रहे पॉजिटिव रिव्यूज और 'वर्ड ऑफ माउथ' का फायदा सीधे तौर पर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में दिख रहा है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने शनिवार को 2.25 करोड़ का कारोबार किया, जो शुक्रवार की तुलना में लगभग दोगुना है.
इस फिल्म के निर्देशन की बागडोर हार्दिक गज्जर ने संभाली है, जो इससे पहले मशहूर टीवी शो 'देवों के देव महादेव' का निर्देशन कर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं.